एथेनॉल घोटाले को लेकर खरगे का बीजेपी पर हमला, बोले- मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया, एथेनॉल के नाम पर 1200 करोड़ का चावल घोटाला…

 

मध्य प्रदेश में हुए कथित एथेनॉल घोटाले को लेकर कांग्रेस बीजेपी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र बन गया है। साथ ही राज्य में एक घोटाला खत्म होने से पहले दूसरा सामने आ जाता है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “मध्यप्रदेश आज भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। एक घोटाला खत्म नहीं होता, दूसरा सामने आ जाता है।”

उन्होंने आगे कहा, “अब एथेनॉल के नाम पर 1200 करोड़ का चावल घोटाला सामने आया है। जिस चावल को कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के पोषण के लिए इस्तेमाल होना था, उसी चावल को मुनाफे के खेल में घुमाया गया। 5 लाख मीट्रिक टन चावल, राइस मिलरों, एथेनॉल माफिया और भाजपा सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार के इस खेल का हिस्सा बना दिया गया। भाजपा और सरकारी तंत्र की मिलीभगत से जनता के हक के अनाज पर डाका डाला जा रहा है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले जमीनों के मामले में भी बड़ा घोटाला सामने आया। उन्होंने आरोप लगाया, “उज्जैन में उन्हीं इलाकों में जमीनों का विस्तार हुआ, जहां सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और हाईवे कॉरिडोर प्रस्तावित थे। इसमें मुख्यमंत्री के ऊपर ही सवालिया निशान खड़े हुए। हर तरफ, हर विभाग में लूट और अपनी जेबें भरने का खेल, यही भाजपा की सत्ता की लूट की कहानी है।”

खरगे ने आगे कहा, “हर तरफ, हर विभाग में लूट और अपनी जेबें भरने का खेल, यही भाजपा की सत्ता की लूट की कहानी है। व्यापम से शुरू हुई यह लूट, अनगिनत पेपर लीक, भ्रष्टाचार के अनगिनत मामलों के बावजूद आज भी थमी नहीं है।”

बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “बीजेपी ने मध्यप्रदेश को भ्रष्टाचार का मॉडल बना दिया है और मोदी जी हर बार की तरह बस मौन साधे बैठे रहते हैं। सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही की धारणा को मोदी-शाह ने सत्ता के अहंकार तले रौंद दिया है।”

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment