Jalaun : वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों की नोडल अधिकारी ने की समीक्षा, 98.12 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य

Jalaun : कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागवार निर्धारित लक्ष्य, गड्ढों की खुदाई, पौध उठान, रोपण स्थलों की तैयारी, परिवहन, सिंचाई तथा पौधों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि जनपद में वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत कुल 98 लाख 12 हजार 400 पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग द्वारा 50 लाख 24 हजार पौधे तथा अन्य विभागों द्वारा 47 लाख 88 हजार 400 पौधे लगाए जाएंगे।

नोडल अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी कर ले तथा रोपण के साथ पौधों की देखभाल एवं उनकी जीवितता सुनिश्चित करने की भी ठोस कार्ययोजना बनाए।

विभागवार लक्ष्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ग्राम्य विकास विभाग को 25 लाख 50 हजार, कृषि विभाग को 7 लाख 88 हजार 730, उद्यान विभाग को 3 लाख 71 हजार, पर्यावरण विभाग को 3 लाख 13 हजार 500 तथा पंचायतीराज विभाग को 2 लाख 63 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है।

इसी प्रकार नगर विकास विभाग को 62 हजार 600, रेलवे को 50 हजार, उच्च शिक्षा विभाग को 44 हजार, स्वास्थ्य विभाग को 40 हजार, पशुपालन विभाग को 39 हजार, रेशम विभाग को 38 हजार 500, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को 35 हजार, लोक निर्माण विभाग को 31 हजार 900, उद्योग विभाग को 26 हजार 400, बेसिक शिक्षा विभाग को 25 हजार 300 तथा पुलिस विभाग को 22 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा विभाग को 20 हजार 200, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग को 17 हजार 200, विद्युत विभाग को 16 हजार 170, प्राविधिक शिक्षा विभाग को 12 हजार 100, सहकारिता विभाग को 12 हजार, श्रम विभाग को 8 हजार 900 तथा रक्षा विभाग को 500 पौधे रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है।

नोडल अधिकारी ने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप पौधों की उपलब्धता तथा रोपण स्थलों का अंतिम सत्यापन करने के निर्देश दिए।

नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल लक्ष्य की पूर्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा अभियान है। इसलिए रोपित पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई, जियो-टैगिंग तथा देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि अनुपयुक्त अथवा बिना तैयारी वाले स्थानों पर पौधरोपण न किया जाए तथा स्थानीय जलवायु एवं मिट्टी के अनुरूप पौध प्रजातियों का चयन किया जाए।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग के लिए नामित नोडल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि पौधों के उठान से लेकर उन्हें रोपण स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। रोपण के बाद पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड, सिंचाई तथा आवश्यक देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, डीडीओ निशान्त पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment