
- भीषण गर्मी में आपूर्ति ठप, ग्रामीणों ने दी फीडर घेराव की चेतावनी
Tundla/Firozabad : पचोखरा गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण उमस और गर्मी के बीच लगातार बिजली नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों का शनिवार को गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली विभाग को देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। पिछले पांच दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका होने के कारण गांव के आधे हिस्से में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली संकट से परेशान ग्रामीण कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो पचोखरा फीडर का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।









