Partawal, Maharajganj : बरसात के मौसम में श्यामदेउरवां गांव जाने वाले मुख्य खड़ंजा मार्ग की स्थिति ग्रामीणों और राहगीरों के लिए चिंता का विषय बन गई है। सड़क किनारे उगी लंबी-लंबी घास-फूस और झाड़ियां अब सड़क तक फैल चुकी हैं, जिससे मार्ग पर आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, श्यामदेउरवां मेन रोड से गांव की ओर जाने वाली खड़ंजा सड़क के दोनों किनारों पर झाड़ियां तेजी से बढ़ गई हैं। बरसात और तेज हवाओं के दौरान ये झाड़ियां सड़क की ओर झुक जाती हैं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बच्चों और राहगीरों के झाड़ियों की धारदार पत्तियों से घायल होने की भी बात सामने आई है।
कमला दीनानाथ, जोगिंदर, देवेंद्र, दुर्विजय, धर्मेंद्र, महेंद्र आदि ग्रामीणों का कहना है कि खड़ंजा मार्ग पहले से ही टूटा हुआ है और काफी पुराना हो चुका है, जिस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में सड़क के किनारे उगी झाड़ियां और घास दुर्घटना की आशंका को और बढ़ा रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि झाड़ियों के बीच विषैले सर्प भी दिखाई देते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है। उनका कहना है कि कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में ग्राम प्रधान से पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की तत्काल सफाई और मरम्मत कराने की मांग की है।









