
- पुलिसकर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने की अपील
Orai, Jalaun : वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन उरई में वृक्षारोपण किया। इस दौरान आयोजित ‘Say No To Plastic’ स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ स्वच्छ और स्वस्थ जीवन के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने सभी से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
एसपी ने कार्यक्रम के दौरान एकल-उपयोग (सिंगल यूज) प्लास्टिक के प्रयोग से बचने का संदेश देते हुए ‘से नो टू प्लास्टिक’ अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों से स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।









