
Bijnor : इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अरुण देवपाल के बिजनौर आगमन पर जिला बार एसोसिएशन ने उनका स्वागत किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्षगण तथा अनेक वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिला बार एसोसिएशन ने न्यायमूर्ति के समक्ष अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार एडवोकेट ने बार भवन के शीघ्र निर्माण, न्यायालय परिसर में जज कॉलोनी की शाखा स्थापित किए जाने तथा न्यायिक कार्यों में आ रही तकनीकी बाधाओं के समाधान की मांग की। इस पर न्यायमूर्ति ने आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में उच्च न्यायालय में ई-फाइलिंग एवं जमानत प्रार्थना पत्रों की ऑनलाइन व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। न्यायमूर्ति अरुण देवपाल ने बताया कि अधिवक्ता समुचित पंजीकरण के बाद स्वयं भी ई-फाइलिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
जिला बार एसोसिएशन ने बिजनौर में उच्च न्यायालय की एक स्थायी पीठ स्थापित करने की मांग भी उठाई। अधिवक्ताओं का कहना था कि मुकदमों के त्वरित निस्तारण और वादकारियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त उच्च न्यायालय की स्थापना आवश्यक है।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष यशपाल सिंह, एस. के. बबली, निरंकार सिंह, अजीत पवार, सत्य प्रकाश, अशोक सिंह, राजेन्द्र सिंह टिकट, संजय शर्मा, विवेक चौधरी, संदीप कुमार, तुषार कुमार, कविता चौधरी, संगीता तथा अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।









