बिल्हौर (कानपुर)। क्रिकेट के मैदान पर अपनी रफ्तार से पहचान बनाने वाला मकनपुर गांव का ‘स्टार बॉलर’ अब मध्य प्रदेश पुलिस की रडार पर आ गया है। ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए शुरू हुई बातचीत के बाद नाबालिग किशोरी को साथ लेकर फरार होने के मामले में सतना पुलिस ने कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी है। पुलिस टीम ने परिजनों से घंटों पूछताछ कर आरोपी और किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रयागराज में मैच खेलने के बहाने निकला, फिर बंद हो गया फोन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी मतीन क्रिकेट का अच्छा खिलाड़ी माना जाता है और दूर-दराज के टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेता रहता था। बीते शुक्रवार को वह अपने परिजनों से प्रयागराज में क्रिकेट प्रतियोगिता खेलने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद से ही उसका मोबाइल बंद आने लगा। इस दौरान जब सतना पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मकनपुर में आरोपी के घर छापेमारी की, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
18 जुलाई से लापता थी किशोरी, सहेलियों ने खोला राज
सतना जिले के सिविल लाइंस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी गत 18 जुलाई को अचानक अपने घर से मोबाइल लेकर गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत के बाद जब पुलिस ने किशोरी की सहेलियों से पूछताछ की, तो सामने आया कि ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से किशोरी की पहचान कानपुर के मतीन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढ़ीं और आरोपी उसे अपने साथ ले गया।
भाई से पूछताछ, मोबाइल लोकेशन से सुराग तलाश रही पुलिस
सतना पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और बिल्हौर पुलिस के सहयोग से उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी के भाई समेत कई करीबियों को उठाकर पूछताछ की है। देर शाम तक पुलिस टीम इलाके में ही डेरा डाले रही।
जल्द होगी गिरफ्तारी: एसीपी
मामले की पुष्टि करते हुए बिल्हौर के एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर युवक और नाबालिग किशोरी की तलाश की जा रही है। आरोपी के भाई से पूछताछ कर अहम जानकारियां जुटाई गई हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही दोनों को बरामद कर आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










