उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। शादी की खुशियों और तमाम हसीन सपनों के बीच सुहागरात के ही दिन दूल्हे की अचानक मौत हो जाने से पूरे परिवार में मातम पसर गया है। दुल्हन की विदाई के कुछ ही घंटों बाद जहरीले सांप के डंसने से दूल्हे की जान चली गई, जिससे नवविवाहिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धूमधाम से हुई थी शादी, घर लौटी थी दुल्हन
यह दर्दनाक हादसा बदायूं जिले के उधैती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रियोनाई का है। यहां के रहने वाले बबलू मौर्य की बारात बुधवार को गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव कादराबाद के पास स्थित लौहरपुरा गांव गई थी। इसके बाद गुरुवार दोपहर को दुल्हन रश्मि को पूरीी रीति-रिवाज के साथ विदा कराकर सभी लोग सकुशल अपने घर वापस लौट आए थे। घर पहुंचने पर नई बहू के स्वागत के लिए तमाम रस्में निभाई गईं और परिवार में जश्न का माहौल था। रात के वक्त परंपरा के अनुसार नवदंपति को सोने के लिए घर के कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सुलाया गया था।
सुहागरात की रात सांप ने गर्दन पर डंसा
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रात के सन्नाटे में किसी वक्त एक जहरीले सांप ने कमरे में सो रहे दूल्हे बबलू की गर्दन पर डंस लिया। अगली सुबह जब अचानक उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, तो परिवारवालों में हड़कंप मच गया। वे आनन-फानन में उसे लेकर तुरंत सहसवान के एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सर्पदंश (सांप के काटने) की पुष्टि करते हुए उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, जैसे ही उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने जांच के बाद बबलू को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर की पुष्टि के बाद भी झाड़-फूंक के चक्कर में पड़े परिजन
शोक में डूबे परिवारवाले डॉक्टरों की बात पर आसानी से विश्वास करने को बिल्कुल तैयार नहीं थे। उन्हें गहरी उम्मीद थी कि शायद झाड़-फूंक या ओझा-तांत्रिक के जरिए उसकी जान बचाई जा सकती है। इसी अंधविश्वास और चमत्कार की आस में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को लेकर सपेरों और तांत्रिकों के पास पहुंच गए। देर शाम तक परिवार के लोग उसकी सांसें वापस लौटने की उम्मीद में तांत्रिकों से झाड़-फूंक कराते रहे। इस अचानक हुए इस आघात से नवविवाहिता रश्मि गहरे सदमे में है, जबकि इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।








