
कानपुर: औद्योगिक नगरी कानपुर के थाना चकेरी क्षेत्र स्थित एक मैरिज लॉन में उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब बिना कानूनी तलाक लिए दूसरी शादी रचा रहे दूल्हे का भांडा फोड़ने उसकी पहली पत्नी पुलिस टीम के साथ मंडप में धमक पड़ी। रात करीब 10:30 बजे हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पहली पत्नी की लिखित शिकायत के आधार पर चकेरी थाना पुलिस ने आरोपी दूल्हे को मौके से हिरासत में ले लिया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रोज करता था व्हाट्सएप चैट, चोरी-छिपे तय कर ली दूसरी शादी

मिली जानकारी के अनुसार, कानपुर के चमनगंज निवासी पीड़िता का विवाह वर्ष 2022 में जूही लाल कॉलोनी निवासी युवक के साथ हुआ था। वर्ष 2024 में विदाई के बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई, जिसके बाद से यह विवाद कानपुर न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़िता ने बताया कि उसका पति नियमित रूप से उससे व्हाट्सएप पर बातचीत करता था और मिलने भी आता रहता था, लेकिन उसने अपनी दूसरी शादी की योजना को पूरी तरह से गुप्त रखा था।
पड़ोसी के एक फोन से खुला राज, 10 किलोमीटर दूर जाकर घेरा
दूल्हे के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से पीड़िता को इस गुप्त विवाह की भनक लगी। शंका गहराने पर पीड़िता ने तुरंत अपने ससुराल फोन मिलाया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह आनन-फानन में पहले अपने ससुराल पहुंची और फिर सही लोकेशन जुटाकर 10 किलोमीटर दूर चकेरी स्थित मैरिज लॉन में जा पहुंची। जैसे ही पहली पत्नी अपनी बहन और पुलिस बल के साथ मैरिज लॉन के अंदर दाखिल हुई, वहां चल रही शादी की रस्में अचानक रोक दी गईं। पुलिस की गाड़ियों को देखते ही दूल्हा मंडप से भागने की कोशिश करने लगा, जिससे घराती और बरातियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थाने में सुलह की कोशिशें नाकाम, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद चकेरी पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची, जहां घंटों तक आपसी समझौते की बातचीत चलती रही, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर और संगीन आरोपों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने धोखाधड़ी कर उसे अंधेरे में रखा और दूसरी शादी करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच में जुटी है।







