
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खैर तहसील क्षेत्र के मऊ गांव में दहेज की हवस में एक कलयुगी पति ने अपनी ही 22 वर्षीय पत्नी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लहूलुहान हालत में पत्नी को छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे से आई चीखें तो दौड़े परिजन, हथियार लहराते हुए भागा हत्यारा पति
पुलिस के मुताबिक, मऊ गांव निवासी मुकंदी लाल ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी कि उनके सबसे छोटे बेटे रवि ने घर के कमरे में अपनी पत्नी विमलेश (22) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया है। चीख-पुकार सुनकर जब घर के अन्य सदस्य कमरे की तरफ भागे और आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो वह खून से सना हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
2 साल पहले हुई थी शादी, बुलेट बाइक के लिए देता था भयानक यातनाएं
मृतका का मायका बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र में है। परिजनों ने बताया कि दो वर्ष पूर्व विमलेश का विवाह रवि के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही रवि दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर विमलेश को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था। मृतका के पिता गिर्राज का आरोप है कि करीब दो-तीन महीने पहले भी आरोपी रवि ने कुल्हाड़ी से विमलेश के सिर पर कातिलाना हमला किया था। तब गंभीर हालत में उसे कई दिनों तक आईसीयू में भर्ती रहना पड़ा था, लेकिन सामाजिक समझौते के चलते मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा था।
नशेड़ी है आरोपी पति, 8 महीने की मासूम बच्ची रो-रोकर बेहाल
परिजनों के अनुसार आरोपी रवि मजदूरी करता है और नशे का बेहद आदी है। वह अपने पांच भाइयों और पांच बहनों में सबसे छोटा है। मृतका अपने पीछे 8 महीने की मासूम बच्ची को छोड़ गई है, जिसका रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल व्याप्त है।
पुलिस की कई टीमें गठित, दबिश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही खैर पुलिस और आला अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य एकत्र किए हैं। क्षेत्राधिकारी (सीओ) खैर अभिषेक पटेल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।







