
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी कमिश्नरेट में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिगरा क्षेत्र में पिलर नंबर 57 से 60 के पास से गुजरने वाले आम नागरिकों और राहगीरों को अश्लील इशारे कर परेशान करने के मामले में एंटी रोमियो स्क्वाड ने तत्परता दिखाते हुए दो महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर एंटी रोमियो टीम ने मारा छापा
सिगरा पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि फ्लाईओवर और पिलर संख्या 57 से 60 के आसपास कुछ महिलाएं आने-जाने वाले लोगों को बेवजह रोक रही हैं और अश्लील हरकतें व इशारे कर क्षेत्र का माहौल खराब कर रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने जब मौके का मुआयना किया, तो जनता द्वारा दी गई शिकायत पूरी तरह सत्य पाई गई। इसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
बिहार और जौनपुर की रहने वाली हैं आरोपी महिलाएं
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
पहली अभियुक्त: जीविका (काल्पनिक नाम), उम्र लगभग 42 वर्ष, मूल निवासी- ग्राम बहुआरा, थाना संपचक, जिला पटना (बिहार)। वर्तमान पता- डी.एल.डब्ल्यू. पॉपुलर हॉस्पिटल के पीछे, वाराणसी।
-
दूसरी अभियुक्त: रुबिया (काल्पनिक नाम), उम्र लगभग 28 वर्ष, मूल निवासी- ग्राम मलनी, थाना खुटहन, जिला जौनपुर। वर्तमान पता- सुदासपुर, मंडुवाडीह, वाराणसी।
BNS की धारा 296 में मुकदमा पंजीकृत
सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव मचाने और अश्लीलता फैलाने के गंभीर आरोप में सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।







