दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता? शादी के ढाई साल के भीतर मौत, पति गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजारामपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

मृतका की फाइल फोटो

परिजनों का आरोप: पहले हत्या की, फिर शव को फंदे से लटकाया

चौबेपुर थाना क्षेत्र के नुनहा नरसिंह गांव निवासी आलोक कृष्णा अग्निहोत्री ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनकी बहन तनु अग्निहोत्री उर्फ अनुष्का की शादी 23 नवंबर 2023 को राजारामपुर निवासी मोहित तिवारी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष तनु से अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था।

दहेज की मांग पूरी न होने पर पति मोहित तिवारी, सास सीता तिवारी, ससुर शिवशरण तिवारी, चचिया ससुर कल्लू तिवारी, उनकी पत्नी शालिनी तिवारी और चचेरा देवर रोहित तिवारी उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। कई बार उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। तनु ने इस उत्पीड़न की जानकारी अपने मायके वालों को दी थी, जिसके बाद परिजनों ने ससुराल जाकर उन्हें समझाने की कोशिश भी की थी।

मोबाइल छीना, फिर फंदे पर लटका मिला शव

पीड़ित भाई आलोक का आरोप है कि 24 जुलाई को ससुराल वालों ने जबरन तनु का मोबाइल फोन छीन लिया, जिससे उसका मायके से संपर्क टूट गया। जब कोई संपर्क नहीं हो सका तो अनहोनी की आशंका में आलोक खुद राजारामपुर पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी बहन का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था। परिजनों का सीधा आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले तनु की हत्या की और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया।

पति समेत 6 पर मुकदमा दर्ज, मुख्य आरोपी भेजा गया जेल

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति सहित छह आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति मोहित तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha