
नई दिल्ली। देश के बड़े हिस्से में इन दिनों भारी बारिश तांडव मचा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान सहित देश के 16 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में नदियों के उफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
उत्तराखंड: केदारनाथ मार्ग पर गिरीं चट्टानें, यात्रा रोकी गई
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में सुबह-सुबह बड़े पैमाने पर लैंडस्लाइड हुई है। गौरीकुंड के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण केदारनाथ ट्रैकिंग रूट को सुरक्षा के लिहाज से बंद कर दिया गया है और तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। रुद्रप्रयाग के सिल्ली में हाईवे बाधित हुआ है, जबकि एक पेट्रोल पंप के पास बोल्डर गिरने से कार मलबे में दब गई। वहीं हरिद्वार में गंगा के तेज बहाव में बहे एक श्रद्धालु को SDRF की टीम ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया।
उत्तर प्रदेश: सरयू और घाघरा का तांडव, 100 से ज्यादा परिवार बेघर
उत्तर प्रदेश में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बलिया में सरयू नदी का कटान तेज होने से पानी रिहाइशी इलाकों में घुस गया है। दो मकान नदी में समा गए हैं और 100 से अधिक परिवार अपने आशियाने छोड़कर सुरक्षित जगहों पर पलायन करने को मजबूर हैं। गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर घटने के साथ ही कटान और भयावह हो गया है, जिससे कई बीघा जमीन और पेड़ जलमग्न हो चुके हैं। उधर वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 50 से अधिक छोटे-बड़े मंदिरों में पानी भर गया है।
जम्मू-कश्मीर: स्कूल की दीवार ढही, कारगिल-लेह हाईवे बंद
पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में भी बारिश से तबाही का मंजर है। राजौरी जिले में लगातार हो रही मुसलाधार बारिश के चलते एक सरकारी प्राइमरी स्कूल की दीवार गिर गई। इसके अलावा अक्चमल के पास भूस्खलन होने से कारगिल-लेह नेशनल हाईवे पूरी तरह ब्लॉक हो गया है, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की कतारें लग गई हैं और यातायात रोक दिया गया है।
देशभर से बारिश-बाढ़ की तस्वीरें




















