गोरखपुर में मासूम से हैवानियत के बाद हत्या: आरोपी सिपाही बर्खास्त, लगेगा NSA; फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिला अस्पताल से 10 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर उसकी हैवानियत के बाद हत्या करने वाले आरोपी सिपाही अभिषेक यादव पर पुलिस प्रशासन कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। गोरखपुर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी सिपाही को सेवा से तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने की तैयारी में है। केस को जल्द से जल्द फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाएगा, ताकि मासूम को जल्द न्याय मिल सके और आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

बीमार बहन को खाना देने अस्पताल आई थी मासूम, रास्ते से किया अगवा

यह दर्दनाक हादसा 28 जुलाई का है। 10 वर्षीय मासूम बच्ची जिला अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार बहन को खाना देने आई थी। अस्पताल से जब वह वापस घर लौट रही थी, तभी घात लगाए बैठे सिपाही अभिषेक यादव ने बाइक से उसका पीछा करना शुरू किया। आरोपी बच्ची को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर करीब 15 किलोमीटर दूर एक श्मशान घाट ले गया। पुलिस की आशंका के मुताबिक, आरोपी ने वहां मासूम के साथ हैवानियत की और पकड़े जाने के डर से उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नदी में फेंककर फरार हो गया। बच्ची के घर न पहुंचने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

200 CCTV फुटेज से बेनकाब हुआ खाकी का गुनहगार, बरामद हुआ शव

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच के लिए 10 विशेष टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान जब आसपास के लगभग 200 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो सिपाही अभिषेक यादव मासूम के साथ बाइक पर नजर आया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे नदी से मासूम बच्ची का शव बरामद कर लिया।

डायल-112 में तैनात था आरोपी, पहले भी रहा है विवादित इतिहास

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मुताबिक, मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला आरोपी सिपाही अभिषेक यादव गोरखपुर में डायल-112 सेवा में तैनात था। जांच में सामने आया है कि आरोपी सिपाही का आपराधिक इतिहास भी रहा है। जनवरी 2025 में उसने पश्चिम बंगाल की एक महिला से छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद उसे निलंबित (सस्पेंड) भी किया गया था। बहाल होने के बाद वह डायल-112 में ड्यूटी कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय में मजबूत पैरोकारी कर उसे फांसी तक पहुंचाया जाएगा।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha