
विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कंचारपालम स्थित दुर्गा नगर में एक कार ड्राइवर ने शादी का दबाव बनाने पर अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी ने शव को एक बड़े सूटकेस में बंद किया और ट्रेन से पड़ोसी राज्य ओडिशा ले जाकर सुनसान इलाके में फेंक आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
गर्भवती पत्नी की मदद के लिए बुलाई युवती से बने अवैध संबंध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कंचारपालम के दुर्गा नगर निवासी आरोपी बोलिसेट्टी सुरेश पेशे से एक कार ड्राइवर है। सुरेश की पत्नी गर्भवती थी, जिसकी देखभाल और घर के काम में मदद के लिए उसने एक परिचित युवती को अपने घर बुलाया था। एक ही घर में साथ रहते हुए सुरेश और उस युवती के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
शादी का दबाव और सिर पर खून सवार
मामले में खौफनाक मोड़ तब आया जब सुरेश की गर्भवती पत्नी अपने मायके चली गई। घर में अकेला पाकर युवती ने सुरेश पर शादी करने के लिए कड़ा दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ। बहस के दौरान आपा खो चुके सुरेश ने युवती का सिर दीवार से दे मारा और उसके साथ बर्बरता से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।
ट्रेन से सूटकेस में लाश ले जाकर ओडिशा में फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने मामले पर पर्दा डालने की साजिश रची। उसने युवती के शव को एक बड़े सूटकेस में ठूंसकर पैक कर दिया और फिर बेखौफ होकर सूटकेस के साथ ट्रेन में सवार होकर ओडिशा के रायगड़ा जिले पहुंच गया। वहां चंदिली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एक बेहद सुनसान इलाके में सूटकेस फेंककर वह चुपचाप वापस विशाखापत्तनम लौट आया।
संदिग्ध सूटकेस से खुला राज, विशाखापत्तनम से गिरफ्तार
लावारिस सूटकेस देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत ओडिशा की चंदिली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सूटकेस खोलकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस के तार विशाखापत्तनम के कंचारपालम से जुड़े। इसके बाद ओडिशा पुलिस की टीम तुरंत विशाखापत्तनम पहुंची और आरोपी बोलिसेट्टी सुरेश को दबोच लिया।














