गोरखपुर में खौफनाक अंत: इंस्टाग्राम पर रील बनाने और आने वाले कमेंट्स से परेशान होकर युवक ने लगाई फांसी, पत्नी गिरफ्तार

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जंगल सुभान अली गांव में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर पत्नी की बढ़ती लोकप्रियता, रील्स और उस पर आने वाले कमेंट्स से तंग आकर फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

धूमधाम से हुई थी शादी, कुछ ही महीनों में घर में शुरू हुई कलह

जानकारी के मुताबिक, पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल सुभान अली गांव के रहने वाले विवेक गौड़ टेंट का काम करते थे। परिवार के बड़े-बुजुर्गों की रजामंदी से बीते 25 फरवरी को ही विवेक की शादी जंगल भूड़ की रहने वाली अंकिता गौड़ के साथ बहुत धूमधाम से हुई थी। शादी के शुरुआती दिन तो ठीक बीते, लेकिन कुछ समय बाद अंकिता ने इंस्टाग्राम पर अपनी आईडी बनाकर रील्स और पोस्ट डालनी शुरू कर दी। धीरे-धीरे उसके पोस्ट पर अच्छे-खासे व्यूज आने लगे, जिससे सोशल मीडिया पर उसकी सक्रियता काफी बढ़ गई।

कमेंट्स में पत्नी की तारीफ देख मानसिक रूप से बीमार हो गया था विवेक

पत्नी के वीडियो पर अजनबी लोगों द्वारा किए जाने वाले कमेंट्स और उसमें की जाने वाली तारीफ विवेक को अंदर ही अंदर झकझोरने लगी। उसे यह बात नागवार गुजरती थी और उसे ऐसा लगने लगा था कि उसकी पत्नी अब उसकी परवाह नहीं करती है। शुरुआत में विवेक कुछ दिन तक शांत रहा, लेकिन जब स्थिति असहनीय होने लगी तो उसने पत्नी को इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालने से साफ मना कर दिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद और तकरार शुरू हो गई। विवाद तब और बढ़ गया जब पत्नी ने एक नया सिम खरीदकर इंस्टाग्राम पर एक और नई आईडी बना ली।

बुधवार रात हुआ विवाद, कमरे में मिला शव

बीते बुधवार को भी इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी तकरार हुई थी। गुस्से और तनाव के कारण उस दिन दोनों ने ठीक से खाना भी नहीं खाया। रात के वक्त पत्नी अंकिता छत पर सोने चली गई, जबकि विवेक अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। रात करीब 10 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में विवेक गौड़ का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और मातम पसर गया।

पुलिस की कार्रवाई और एसपी उत्तरी का बयान

घटना की सूचना मिलते ही पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मृतक की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मिले एविडेंस के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha