लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होते ही सियासी पारा चढ़ गया है। सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। सपा विधायक हाथों में ‘दान पेटी’, तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे, जिन पर राम मंदिर चंदा चोरी, नीट (NEET) पेपर लीक, आरक्षण में अनदेखी और युवाओं पर लाठीचार्ज जैसे गंभीर आरोप लिखे हुए थे।
हाथ में दान पेटी और साइकिल पर आए सपा विधायक
विपक्ष का विरोध प्रदर्शन काफी उग्र और अनूठे अंदाज में नजर आया। सपा विधायक डॉ. आशुतोष वर्मा अपनी साइकिल पर दान पेटी बांधकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में हुए चंदा चोरी के मामले को विपक्ष सदन में प्रमुखता से उठाएगा। वहीं, सपा विधायक अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि चंदा चोरी मामले में केवल छोटी मछलियों पर कार्रवाई की गई, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी बाहर हैं। सीसामऊ से विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का जवाब सरकार को देना होगा।
कल दोपहर 12:30 बजे पेश होगा अनुपूरक बजट: सुरेश खन्ना
विपक्ष के हंगामे के बीच योगी सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का सदन के पटल पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है, ऐसे में हंगामा करना अनुचित है। वित्त मंत्री ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे अपना अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पेश करेगी।
‘सनातन का अपमान शर्मनाक’, वित्त मंत्री का पलटवार
सुरेश खन्ना ने विपक्ष द्वारा सनातन धर्म और हिंदू संस्कृति पर की गई टिप्पणियों पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि संसद और सार्वजनिक मंचों से जिस तरह सनातन को बदनाम करने की कोशिश की गई, वह बेहद दुखद है। उन्होंने लोकसभा सांसद पप्पू यादव का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदू संस्कृति का मजाक उड़ाना शर्मनाक है और जनता सब देख रही है।
माता प्रसाद पांडे और आराधना मिश्रा ने की घेराबंदी
विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी सरकार पर जमकर हमला बोला। माता प्रसाद पांडे ने कहा कि इस पूरे सत्र में सपा किसान, युवा, नीट घोटाले और अयोध्या प्रकरण के मुद्दों को पूरी ताकत से उठाएगी। वहीं, कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी संसद से लेकर सड़क और विधानसभा तक अयोध्या के मुद्दे पर सरकार को घेरती रहेगी।
मायावती पर सत्ता पक्ष का दबाव: इरफान सोलंकी
प्रदर्शन के दौरान सपा नेता इरफान सोलंकी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में लगातार हो रहे सांगठनिक बदलावों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि सत्ताधारी दल द्वारा बसपा प्रमुख मायावती पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें बार-बार संगठन में बदलाव करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मायावती दलितों की बड़ी नेता हैं और मौजूदा सरकार में दलितों के अधिकारों का हनन हो रहा है।













