
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेलामऊ खुर्द गांव में 6 महीने पुराने प्रेम विवाह की रंजिश के चलते एक व्यक्ति की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। हमले का आरोप गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर पर लगा है। वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रास्ते में घेरकर मारी गोली, मौके पर ही दम तोड़ा
जानकारी के अनुसार, बेलामऊ खुर्द निवासी विजय विक्रम (55), जो पेशे से फत्तेपुर मातिनपुर में सफाई कर्मी के पद पर तैनात थे, अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह ढोलई कला और बेलामऊ गांव के बीच पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने विजय विक्रम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर और शरीर में गोली लगने के कारण विजय विक्रम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
6 महीने पुराना प्रेम विवाह बना हत्या की वजह
इस वारदात के पीछे 6 महीने पुरानी पारिवारिक रंजिश बताई जा रही है। मृतक विजय विक्रम के बेटे अंग्रेज ने लगभग 6 महीने पहले गांव के ही बदलू (55) की बेटी से प्रेम विवाह किया था। इस शादी के बाद से ही बदलू का परिवार रंजिश रखने लगा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी बदलू, जो इमलिया सुल्तानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर
वारदात की सूचना मिलते ही सीतापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दुर्गेश कुमार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) महोली नागेंद्र चौबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










