कानपुर में सनसनीखेज वारदात: गांव के बाहर बने घर में घुसे बदमाशों ने पति को उतारा मौत के घाट, पत्नी गंभीर

कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में आधी रात एक दर्दनाक वारदात से हड़कंप मच गया। गांव की आबादी से दूर बने मकान में घुसे दो अज्ञात हमलावरों ने पति-पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी को अधमरा छोड़कर हमलावर उनकी बाइक लेकर फरार हो गए।

सऊदी से चार माह पहले ही लौटा था मृतक

देवसढ़ गांव निवासी मुमताज (पुत्र स्व. नवी अहमद) अपनी पत्नी शाहजहां और चार माह की मासूम बेटी के साथ गांव के बाहर बने नए मकान में रह रहा था। मुमताज करीब चार महीने पहले ही सऊदी अरब से गांव वापस लौटा था और यहीं रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। दो अज्ञात बदमाश अचानक घर में दाखिल हुए और दंपति पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान शाहजहां बेहोश हो गई, जिसे मृत समझकर बदमाश मुमताज की काली पैशन प्रो बाइक लेकर मौके से भाग निकले।

घायल पत्नी ने खेत से ट्यूबवेल पहुंचकर मांगी मदद

होश आने पर खून से लथपथ शाहजहां किसी तरह हिम्मत जुटाकर घर से बाहर निकली और खेतों की तरफ भागी। उसने दूर स्थित एक ट्यूबवेल पर मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सूचना पर पहुंची साढ़ और बिधनू थाना पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल, कानपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मुमताज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शाहजहां की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

सीसी कैमरे मिले ऊपर, रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच

पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा ऊपर की ओर मुड़ी हुई मिली। इससे पुलिस को शक है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले या दौरान कैमरों को ऊपर मोड़ दिया था ताकि उनकी पहचान न हो सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी, डीसीपी दक्षिण के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस रंजिश, लूटपाट और अन्य संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल गांव में एहतियातन शांति व्यवस्था कायम है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha