Delhi Mercedes Accident: दिल्ली के नरेला में नशे में धुत मर्सिडीज चालक का तांडव, मॉनिंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला को रौंदा, मौत

राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार सुबह-सुबह तेज रफ्तार और शराब के खौफनाक संयोजन ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। नरेला स्थित हिमालय अपार्टमेंट के बाहर नशे में धुत एक युवक ने अपनी मर्सिडीज कार से कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में सुबह की सैर पर निकली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला बनी शिकार हादसे में जान गंवाने वाली मृतका की पहचान 70 वर्षीय उर्मिला के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह शनिवार सुबह भी अपने घर से टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार मर्सिडीज अनियंत्रित होकर काल बनकर आई और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।

कार से बीयर कैन बरामद, आरोपी गिरफ्तार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रहा युवक अत्यधिक नशे में था और गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चालक को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को जांच के दौरान मर्सिडीज कार के भीतर से बीयर की कैन भी मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में आरोपी की आंखें नशे से पूरी तरह लाल नजर आ रही हैं।

हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर का बेटा है आरोपी पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान शुभम के रूप में हुई है, जो सोनीपत से पढ़ाई कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी के पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। जिस लग्जरी मर्सिडीज कार से यह हादसा हुआ, वह शुभम के दोस्त की बताई जा रही है, जिसे उसने एक दिन पहले कहीं जाने के लिए मांगा था।

मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस घटनास्थल से सामने आए वीडियो में आरोपी कार के अंदर बैठा दिखाई दे रहा है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का ब्लड सैंपल ले लिया गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha