चित्तौड़गढ़ में खूनी पारिवारिक विवाद: बहस के बाद पति ने पूर्व पत्नी को मारी गोली, बेटे ने पिता को लाठी से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मामूली पारिवारिक कहासुनी ने देखते ही देखते दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। पारिवारिक विवाद के दौरान आक्रोशित होकर एक व्यक्ति ने अपनी पूर्व पत्नी पर बंदूक से गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मां की हत्या से गुस्साए बेटे ने पास में पड़ी लाठी से पिता पर हमला कर दिया और उन्हें पीट-पीटकर मार डाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ़्तीश शुरू कर दी है।

पैतृक गांव लौटने की बात पर छिड़ा विवाद, पति ने चलाई गोली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ‘भेरू सिंह जी का खेड़ा’ निवासी भगवाना कालबेलिया वर्तमान में गंगरार थाना इलाके के सुवानिया गांव में अपनी तीसरी पत्नी तारा के साथ रह रहा था। वह अपने खेत पर कुछ परिचितों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान उसकी पूर्व पत्नी भोमली और उसका बेटा अनिल खेत पर पहुंचे। दोनों ने भगवाना पर अपने पैतृक गांव भेरू सिंह जी का खेड़ा वापस चलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज होने लगी।

मां की हत्या देख आपा खो बैठा बेटा, पिता को उतारा मौत के घाट विवाद बढ़ने पर आपा खो चुके भगवाना कालबेलिया ने अपने पास रखी बंदूक से सीधे फायर कर दिया। गोली लगने से उसकी पूर्व पत्नी भोमली की मौके पर ही मौत हो गई। पिता द्वारा आंखों के सामने मां की हत्या किए जाने से बेटा अनिल भीषण आक्रोश में आ गया। उसने तुरंत पास पड़ी लाठी उठाई और पिता भगवाना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अनिल ने पिता को तब तक पीटा जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं। इस दौरान बीच-बचाव करने आई भगवाना की तीसरी पत्नी तारा पर भी वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस बल तैनात, दोनों शव मोर्चरी में रखवाए गए घटना की सूचना मिलते ही गंगरार थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर नजदीकी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जबकि घायल महिला तारा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच में जुट गई है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha