बेंगलुरू में दिल दहला देने वाला डबल मर्डर: अवैध संबंधों के आड़े आए पति और 4 साल के मासूम की निर्मम हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू के चिक्काबनावारा इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दोहरे हत्याकांड (Double Murder) का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासों ने सभी को सन्न कर दिया है। पुलिस ने 30 वर्षीय अभिनंदन और उनके 4 वर्षीय मासूम बेटे यदुवीर की हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय ए. हरिणी और फैक्ट्री कर्मचारी विनय कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पिछले दो वर्षों से सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे। अदालत ने दोनों को 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस को गुमराह करने के लिए गढ़ी झूठी कहानी

सनसनीखेज घटना का पर्दाफाश सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब आरोपी पत्नी हरिणी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके सूचना दी कि उसका पति और बेटा कमरे में बिस्तर पर बेहोश पड़े हैं। सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों की मौत हो चुकी थी। हालांकि, घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने पर पुलिस को मामला संदेहास्पद लगा। जांचकर्ताओं के अनुसार, अभिनंदन की हत्या पहले की गई थी। वारदात को अंजाम देते वक्त 4 साल के मासूम यदुवीर की आंख खुल गई और उसने अपने पिता की हत्या होते देख ली। राज खुलने के डर से बेरहम मां हरिणी ने अपने ही कलेजे के टुकड़े का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शातिराना अंदाज में पति के शव को बच्चे के शव के ऊपर रख दिया गया ताकि यह दिखाया जा सके कि पिता ने बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या की है या यह कोई दुर्घटना है।

साक्ष्य मिटाने की पूरी कोशिश: सीसीटीवी बंद और फोन डेटा डिलीट

जांच के दौरान पुलिस को हरिणी की थ्योरी में कई बड़े विरोधाभास नजर आए। फॉरेंसिक टीम को घर के भीतर खून के कई निशान मिले, जिन्हें छुपाने की नीयत से खून से सने कपड़ों को धोकर सुखाने के लिए डाला गया था। इसके अलावा, साजिश के तहत घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को रविवार रात करीब 10 बजे ही बंद कर दिया गया था। हरिणी ने अपने मोबाइल से सभी कॉल हिस्ट्री, व्हाट्सएप मैसेज और तस्वीरें डिलीट कर दी थीं। कड़ाई से की गई पूछताछ में महिला बार-बार अपने बयान बदलती रही, जिससे पुलिस का शक पुख्ता हो गया।

रात 11 बजे सिग्नल पाकर घर में घुसा प्रेमी

पुलिस द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार, हरिणी का प्रेमी विनय कुमार घर के बाहर उसके इशारे का इंतजार कर रहा था। रात करीब 11 बजे हरिणी से सिग्नल मिलते ही विनय अपना मोबाइल फोन बंद करके चुपचाप घर के अंदर दाखिल हो गया। उस वक्त अभिनंदन बाथरूम में था। जैसे ही वह बाहर निकलने लगा, दोनों ने मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया और उसका सिर बार-बार दीवार से पटका। इसके बाद प्रेमी विनय ने कथित तौर पर अभिनंदन का गला दबाकर उसे मार डाला।

मासूम ने देखा पिता का कत्ल, चीख सुनकर दबाया गला

बाथरूम से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर 4 साल का यदुवीर नींद से जाग गया और बाथरूम की तरफ आ गया। उसने अपनी आंखों के सामने पिता पर हो रहे जानलेवा हमले को देख लिया और डर के मारे चीखने लगा। आरोपी मां हरिणी तुरंत बच्चे को घसीटते हुए बेडरूम में ले गई और उसे डरा-धमकाकर वापस सोने को कहा। इसके बाद विनय, अभिनंदन के बेडरूम में शव को उठाकर ले गया। फिर दोनों आरोपियों ने मिलकर मासूम बच्चे की भी बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने का खेल शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha