तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी सोने की अंगूठी, सरकार ने 4.41 लाख रिंग खरीदने का दिया ऑर्डर

 

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों के लिए एक खास योजना शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री विजय ने ‘थैमामन गोल्ड रिंग स्कीम’ के तहत बच्चों को सोने की अंगूठी देने की घोषणा की है। योजना के तहत पहले चरण में जून से सितंबर 2026 के बीच सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को 1,28,499 सोने की अंगूठियां दी जाएंगी।

तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (TNMSC) ने इस योजना के लिए जॉय अलुक्कास और कल्याण ज्वेलर्स को वर्क ऑर्डर जारी किया है। सरकार ने योजना को आधिकारिक तौर पर 15 सितंबर 2026 से शुरू करने का फैसला किया है। यह तारीख पूर्व मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई की जयंती भी है। मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा चुनाव से पहले अप्रैल में इस योजना की घोषणा की थी।

करीब एक ग्राम की होगी सोने की अंगूठी

तमिलनाडु सरकार के आदेश के तहत कुल 4,41,667 सोने की अंगूठियां खरीदी जाएंगी। प्रत्येक अंगूठी का वजन करीब एक ग्राम रखा गया है। इसके लिए TNMSC ने 14 जुलाई को टेंडर जारी किया था, जिसमें 11 कंपनियों ने हिस्सा लिया था।

सरकार के मुताबिक, जॉय अलुक्कास ने सोने की कीमत के अलावा सिर्फ 0.01 रुपये की सबसे कम बोली पेश की थी। इस कीमत में प्रोसेसिंग फीस, बीमा, परिवहन और BIS स्टांपिंग समेत अन्य सभी शुल्क शामिल हैं। कल्याण ज्वेलर्स ने भी सबसे कम कीमत की पेशकश की थी।

योजना को 15 सितंबर से लागू किया जाना है। इसके मद्देनजर जून से सितंबर के बीच सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों के लिए 1,28,499 अंगूठियों की आपूर्ति का वर्क ऑर्डर दोनों कंपनियों को दिया गया है।

सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा लाभ

इस योजना का लाभ केवल सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों को मिलेगा। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसा मजबूत करना है।

सरकार के अनुसार, 22 जून 2026 से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को योजना के तहत सोने की अंगूठी दी जाएगी। इसके जरिए सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने की भी कोशिश की जा रही है।

अब 15 सितंबर से योजना की औपचारिक शुरुआत के साथ पात्र नवजात बच्चों को सोने की अंगूठियां वितरित की जाएंगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha