यूपी के 52 प्रमुख नेताओं को मिलेगी बुलेटप्रूफ जैकेट, अखिलेश-मायावती समेत कई बड़े नाम शामिल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले प्रमुख राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। सुरक्षा मुख्यालय की ओर से राज्य के 52 प्रमुख नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें सत्तापक्ष के नेताओं के साथ विपक्ष के कई बड़े नेता भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती, मंत्री संजय निषाद और नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ समेत कई नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा एजेंसियों के आकलन और नेताओं की सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

इन प्रमुख नेताओं को पहले ही मिल चुकी जैकेट

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई जा चुकी है। वहीं, जेड और वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त कुछ अन्य मंत्रियों को भी जैकेट दी गई है, जबकि कुछ नेताओं के लिए प्रक्रिया जारी है।

योगी सरकार के मंत्रियों में ओम प्रकाश राजभर, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संजय निषाद, आशीष पटेल, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह, सुरेश खन्ना, चौधरी लक्ष्मी नारायण, बेबी रानी मौर्य और बलदेव सिंह ओलख को पहले से विभिन्न श्रेणियों की सुरक्षा मिली हुई है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा नेताओं संगीत सोम और सुरेश राणा को भी बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है।

विपक्ष के कई नेताओं को भी सुरक्षा कवच

विपक्षी दलों के नेताओं को भी इस सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है। इनमें बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र और कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के नाम प्रमुख हैं।

बताया जा रहा है कि केंद्रीय और राज्य अभिसूचना एजेंसियों के सुरक्षा आकलन के आधार पर नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई जा रही हैं।

एक जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये

सुरक्षा मुख्यालय की ओर से इन बुलेटप्रूफ जैकेटों की खरीद की गई है। एक जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस हिसाब से 44 नेताओं के लिए खरीदी जाने वाली जैकेटों की अनुमानित कीमत करीब 4.40 करोड़ रुपये हो सकती है।

हालांकि, सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन विशेष सुरक्षा इनपुट या खतरे के आकलन के आधार पर इन नेताओं को जैकेट उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है।

11 नेताओं को जेड-प्लस सुरक्षा

उत्तर प्रदेश में 11 लोगों को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इनमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुरली मनोहर जोशी, पूर्व सांसद विनय कटियार, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा और अयोध्या मामले में फैसला देने वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश सुधीर अग्रवाल शामिल हैं।

जेड और वाई-प्लस श्रेणी में भी कई नेता

जेड श्रेणी की सुरक्षा पाने वालों में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्र, पूर्व विधायक संगीत सोम, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह और कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी समेत कई नाम शामिल हैं।

वहीं, एस्कॉर्ट के साथ वाई-प्लस सुरक्षा पाने वालों में मंत्री संजय निषाद, विधायक पंकज सिंह, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, पूर्व डीजीपी एवं राज्यसभा सदस्य बृजलाल, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक पूजा पाल और काशी के सतुआ बाबा समेत अन्य लोग शामिल हैं।

चुनावी गतिविधियों के बीच बढ़ाई जा रही सुरक्षा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस समेत अन्य दल संगठनात्मक तैयारियों में जुटे हैं। आने वाले समय में नेताओं की जनसभाएं, यात्राएं और सार्वजनिक कार्यक्रम बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रमुख नेताओं की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha