संजय सिंह ने अखिलेश यादव से की मुलाकात, बोले- संविधान और आरक्षण के लिए BJP सबसे बड़ा खतरा

 

लखनऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संविधान, आरक्षण और उत्तर प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात की तस्वीर संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण खत्म करने की मुहिम को फिर से तेज कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कोशिश को नाकाम करना जरूरी है। आप सांसद ने 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले का जिक्र करते हुए योगी सरकार पर पिछड़े वर्ग के अधिकारों को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया।

सड़क से संसद और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई की बात

संजय सिंह ने कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत ऐसे सभी मामलों में पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद और सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों समेत कई अन्य विषयों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ विस्तार से चर्चा हुई।

सरकारी स्कूलों की स्थिति पर भी योगी सरकार को घेरा

संजय सिंह ने रविवार को उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भी योगी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि जौनपुर जिले में पांच ऐसे प्राथमिक विद्यालय हैं, जिनका जमीन पर कोई पता नहीं है, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में इन स्कूलों को ‘ऑपरेशनल’ यानी संचालित बताया जा रहा है।

आप सांसद ने इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति इन पांच कथित रूप से गायब स्कूलों में से किसी एक को भी खोजकर दिखा देता है तो वह अपनी तनख्वाह से एक लाख रुपये का नकद इनाम देंगे।

संजय सिंह के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरक्षण, 69 हजार शिक्षक भर्ती और सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha