
जयपुर। राजस्थान कांग्रेस ने बीकानेर शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में दो पूर्व पार्षदों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि यह कार्रवाई मेघवाल की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए की गई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था।
कार्यालय उद्घाटन के दौरान मारपीट का आरोप
कांग्रेस के मुताबिक, बीकानेर नगर निगम के वार्ड 50, प्रगाशी में कार्यालय उद्घाटन के दौरान कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना हुई। मदन गोपाल मेघवाल की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पार्टी ने बताया कि इस दौरान पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में कहा गया, ‘बीकानेर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर अनुशासनहीनता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निलंबित किया जाता है।’
घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया। वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर सवाल उठाते हुए पार्टी पर निशाना साधा।
निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की कार्रवाई
कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि जिला अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार पार्टी अनुशासन के खिलाफ है। पार्टी की यह कार्रवाई राजस्थान में होने वाले नगर निगम चुनावों से ठीक पहले हुई है। राज्य में नगर निगम चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होने हैं।
ऐसे में बीकानेर में पार्टी के भीतर हुई इस कार्रवाई को चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि निकाय चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। राजस्थान बीजेपी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘कांग्रेस में टिकट वितरण के चलते उत्पन्न हुए असंतोष के कारण, बीकानेर शहर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्री मदन मेघवाल जी की कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बेरहमी से की गई मारपीट अत्यंत निंदनीय है। जिस पार्टी के कार्यकर्ता अपने ही जिलाध्यक्ष के साथ हिंसा पर उतर आएं, वह जनता के हित और प्रदेश के विकास की क्या बात करेगी?’
‘ये है मोहब्बत की दुकान का घिनौना सच’
बीजेपी ने मेघवाल के साथ हुई घटना को लेकर कांग्रेस पर दलितों के अपमान का आरोप भी लगाया। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘दलित-दलित’ रटने वाले ढोंगी राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ का घिनौना सच! कैमरे के सामने दलितों का हितैषी बनने का दिखावा और पीछे कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एक दलित नेता की बेरहमी से पिटाई। यही है कांग्रेस का असली दलित-विरोधी चरित्र। राहुल गांधी अपनी ही पार्टी में हुई इस गुंडागर्दी पर मुंह में दही जमाकर क्यों बैठे हैं?’
फिलहाल कांग्रेस ने दोनों पूर्व पार्षदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। वहीं, घटना को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।











