
उत्तर प्रदेश की भावी राजनीतिक दिशा को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने बड़ा बयान दिया है। पार्टी का यूपी प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने स्पष्ट किया कि भाजपा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ आए तावड़े ने समाजवादी पार्टी (सपा) के ‘पीडीए’ (PDA) नारे पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि सपा के पीडीए का असली मतलब “परया धन अपना” है।
संगठनात्मक बैठकें और शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन
राजधानी लखनऊ पहुंचे तावड़े ने कार्यकर्ताओं और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उत्तर प्रदेश पर पूरा ध्यान केंद्रित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मार्गदर्शन में एनडीए कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ 2027 के चुनाव में उतरेंगे। तावड़े के एयरपोर्ट पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
नारी सुरक्षा को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाएगी भाजपा
सपा के पीडीए पर हमला बोलते हुए तावड़े ने जिस तरह से ‘परया धन’ की व्याख्या में रुपया-पैसा, जमीन-जायदाद और स्त्रीधन का उल्लेख किया, उससे साफ संकेत मिलते हैं कि भाजपा आगामी चुनावों में महिला सुरक्षा को मुख्य मुद्दा बनाने जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा सपा शासनकाल के दौरान महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को जनता के बीच ले जाकर सपा को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।
कोर कमेटी की बैठक और उप मुख्यमंत्रियों से मुलाकात
अपने दौरे के क्रम में विनोद तावड़े ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों—केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक—के सरकारी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान राज्य सरकार के कामकाज, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। दौरे के दूसरे दिन सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसमें क्षेत्रीय प्रभारियों और अध्यक्षों के साथ क्षेत्रवार राजनीतिक स्थिति का जायजा लेकर चुनावी रोडमैप तैयार किया जाएगा।














