कानपुर देहात: महज दो महीने पहले जिस प्रेम कहानी की शुरुआत साथ जीने-मरने की कसमों के साथ हुई थी, उसका रविवार को बेहद दर्दनाक और खौफनाक अंत हो गया। अकबरपुर के नेहरू नगर इलाके में एक सिरफिरे पति ने बेवफाई के शक में अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद 112 नंबर डायल कर पुलिस को पत्नी के कत्ल की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फोन काटने और मोबाइल न देने पर बढ़ा विवाद
मूल रूप से डुडौली डेरापुर निवासी गजेंद्र संखवार राजमिस्त्री का काम करता है और अकबरपुर के नेहरू नगर में किराए के मकान में अपनी पत्नी सपना उर्फ आसमां (30) के साथ रहता था। गजेंद्र को शक था कि उसकी पत्नी किसी और से फोन पर बात करती है। रविवार सुबह करीब 10 बजे जब गजेंद्र अचानक कमरे में पहुंचा तो सपना किसी से कॉल पर बात कर रही थी। गजेंद्र को देखते ही सपना ने तुरंत फोन काट दिया। जब गजेंद्र ने उसका मोबाइल फोन मांगा तो सपना ने देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि गजेंद्र ने आपा खो दिया।
लोहे की रॉड से किए ताबड़तोड़ वार, फिर खुद पुलिस को दी सूचना
आक्रोश में आकर गजेंद्र ने कमरे में रखी लोहे की भारी रॉड उठाई और सपना के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोटें लगने के कारण सपना लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी। पत्नी को बेसुध करने के बाद गजेंद्र भास भागने की बजाय वहीं रुका रहा और यूपी 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सपना को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
धर्म परिवर्तन कर 2 महीने पहले ही माती कोर्ट में की थी शादी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गांव में रहने के दौरान ही गजेंद्र और आसमां के बीच प्रेम संबंध बने थे। आसमां ने अपना धर्म परिवर्तन कर नाम ‘सपना’ रख लिया था और दोनों ने करीब दो महीने पहले माती कोर्ट में लव मैरिज (कोर्ट मैरिज) की थी। जानकारी के मुताबिक, सपना की यह तीसरी और गजेंद्र की दूसरी शादी थी। जिस घर में दो महीने पहले ही नए जीवन की शुरुआत हुई थी, वहां अब मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।
आरोपी पुलिस हिरासत में, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी गजेंद्र को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में शक और कहासुनी के बाद लोहे की रॉड से हमला किए जाने की बात सामने आई है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि आरोपी ने खुद 112 पर घटना की जानकारी दी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को कस्टडी में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।













