Kanpur News: 40 घंटे बाद नदी ने लौटाया मदरसा छात्र का शव, ईशन नदी में नहाते समय हुआ था हादसा

नहाते समय गहरे पानी में समाया था छात्र

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिल्हौर क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। ईशन नदी में गुरुवार शाम डूबे मदरसा छात्र की करीब 40 घंटे चले लंबे खोज अभियान के बाद शनिवार सुबह तलाश पूरी हो गई। मृतक छात्र की पहचान दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी 18 वर्षीय रेहान पुत्र माजिद के रूप में हुई है। रेहान मकनपुर स्थित प्रसिद्ध ‘जामिया मदारुल उलूम’ मदरसे में रहकर तालीम हासिल कर रहा था। गुरुवार शाम करीब 5 बजे मकनपुर की दरगाह शरीफ में नमाज अदा करने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ कर्बला स्थित ईशन नदी घाट पर नहाने गया था, जहां अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया।

एनडीआरएफ और गोताखोरों की कड़ी मशक्कत हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचित किया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया। गुरुवार देर शाम तक कोई सुराग न मिलने पर शुक्रवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम ने नदी के कई संभावित स्थानों पर पूरा दिन गहन खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

बिल्हौर पुल के पास उतराता मिला शव लगातार दो दिनों तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद शनिवार सुबह बिल्हौर कस्बे में ईशन नदी के पुल के पास छात्र का शव पानी में उतराता हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद शव की पहचान रेहान के रूप में हुई। बिल्हौर थानाध्यक्ष विनय तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha