देवरिया में चोरी रोकने को लगाया करंट बना काल: 5 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, आरोपी पड़ोसी शहाबुद्दीन गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र स्थित बलिया दक्षिण गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चोरी से बचने के लिए एक मकान मालिक द्वारा दरवाजे पर लोहे की चारपाई में दौड़ाया गया बिजली का करंट एक मासूम बच्चे की जान का दुश्मन बन गया। गुरुवार शाम खेलते समय लोहे के फ्रेम के संपर्क में आने से 5 वर्षीय मासूम कार्तिक की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची भी इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गई है।

खेलते-खेलते मौत के जाल से टकराया मासूम बलिया दक्षिण निवासी हंसराज हैदराबाद में नौकरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी संगीता देवी अपने दो बेटों के साथ रहती हैं। उनका 5 साल का बड़ा बेटा कार्तिक गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। गुरुवार शाम कार्तिक अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते मासूम पड़ोसी शहाबुद्दीन के मकान के पास चला गया। शहाबुद्दीन ने अपने घर के मुख्य दरवाजे की जगह लोहे के फ्रेम वाली चारपाई लगा रखी थी और उसमें नंगे तारों का जाल बुनकर बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। कार्तिक जैसे ही लोहे के फ्रेम के संपर्क में आया, वह उससे चिपक गया।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण, अस्पताल में मृत घोषित कार्तिक के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास खेल रही एक बच्ची उसे बचाने दौड़ी तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह करंट काटकर दोनों को छुड़ाया। आनन-फानन में दोनों बच्चों को भागलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 वर्षीय कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मईल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मासूम की असमय मौत से मां संगीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

BNS की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल घटना के संबंध में मृतक बच्चे के बाबा किशुन ने मईल थाने में लिखित तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शहाबुद्दीन पुत्र मुमताज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मईल थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने चोरी के डर से दरवाजे पर लोहे के फ्रेम में करंट लगा रखा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha