
मंधाना और शेफाली का धमाका, भारत ने खड़ा किया 183 रनों का विशाल स्कोर
महिला एशिया कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत ने 8वीं बार एशिया कप की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्टार ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए पहले विकेट के लिए 129 रनों की रिकॉर्ड ओपनिंग पार्टनरशिप की।
शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 39 गेंदों पर 9 चौकों और 2 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 68 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं दूसरी ओर स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। हालांकि 129 के स्कोर पर शेफाली के आउट होने के बाद मध्यक्रम थोड़ा लड़खड़ा गया, जिससे 200 के पार जाता दिख रहा स्कोर 183 रन पर थम गया। अंत में ऋचा घोष (17 रन) और जी. कमालिनी (15 नाबाद) की महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
दीप्ति और श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के आगे घुटने टेकने पर मजबूर हुई श्रीलंकाई टीम 184 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शुरुआती झटके देकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक ही स्पेल में दोनों सेट बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके बाद स्पिनर श्री चरणी ने अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए हर्षिता समरविक्रमा और कविषा दिलहारी को आउट कर श्रीलंकाई मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। पूरी श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में महज 111 रन ही बना सकी और भारत ने 72 रनों से खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एशिया कप में भारत का एकछत्र राज: 8वीं बार जीता ताज भारतीय महिला टीम ने इस खिताबी जीत के साथ एशिया महाद्वीप में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी है। यह भारत का 8वां एशिया कप खिताब है। इससे पहले भारत ने वनडे फॉर्मेट में साल 2004, 2005, 2006 और 2008 में ट्रॉफी जीती थी, जबकि टी20 फॉर्मेट में 2012, 2016, 2022 और अब 2026 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा। श्रीलंका: चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), इमिशा दुलानी, विश्मी गुणारत्ने, हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविषा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंदिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या।













