
जयपुर/रींगस। राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में पत्नी और तीन मासूम बेटियों की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी पति राहुल झा को पुलिस ने रींगस से नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधा खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचा, जहां दर्शन करने के बाद वह होटल में रुका। पैसे खत्म होने पर जब उसने 500 रुपये के बदले अपनी सोने की अंगूठी बेचने की कोशिश की, तो होटल संचालक ने इनकार कर दिया। इसके बाद रींगस पहुंचते ही पुलिस की स्पेशल टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दबोच लिया।
सिर और चेहरे पर पत्थर से वार कर सुला दी मौत की नींद, सुबह पिता को पिलाई चाय
जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात घटी यह घटना रोंगटे खड़े कर देने वाली है। आरोपी राहुल झा ने घर में सो रही अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों—नंदिनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) के सिर व चेहरे पर सिलबट्टे/पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शनिवार सुबह उसने सामान्य दिनचर्या दिखाते हुए दूध लिया, अपने वृद्ध पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई, उन्हें पिलाई और फिर चुपचाप घर का ताला लगाकर फरार हो गया। सुबह 10 बजे जब परिजनों को शक हुआ, तो पहली मंजिल पर पत्नी और ग्राउंड फ्लोर पर तीनों बेटियों के रक्तरंजित शव बरामद हुए।
कर्ज के बोझ का दावा, लेकिन हत्या की वजह पर बना रहा अनभिज्ञ
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश और डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण की मॉनिटरिंग में गठित क्राइम ब्रांच और टीम वेस्ट ने आरोपी को रींगस से हिरासत में लिया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी राहुल ने कबूला कि वह शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और भारी कर्ज में डूब चुका था। घटना से तीन दिन पहले ही उसने पड़ोस की महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। हालांकि, अपनी ही हंसती-खेलती गृहस्थी को तबाह करने के सवाल पर उसने पुलिस के सामने बेतुका जवाब देते हुए कहा, “यह सब कैसे हो गया, मुझे कुछ नहीं पता।”
500 रुपये के लिए तरसा, खाटूश्यामजी से भागते ही पुलिस ने कसा शिकंजा
पुलिस जांच में सामने आया कि जयपुर से भागकर आरोपी सबसे पहले खाटूश्यामजी पहुंचा। वहां भगवान के दर्शन करने के बाद उसने एक होटल में कमरे का किराया और खाने-पीने का खर्च उठाया। जब जेब से सारे पैसे खत्म हो गए, तो उसने होटल संचालक को अपनी अंगूठी देकर महज 500 रुपये मांगे। होटल मालिक के इनकार करने पर वह वहां से निकलकर रींगस बस स्टैंड पहुंचा, जहां पहले से अलर्ट पुलिस टीम (CST) ने उसे चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर हत्याकांड के पीछे के सटीक कारणों का पता लगा रही है।













