
सरकारी नौकरी शुरू करने के 15 दिन बाद ही दर्दनाक अंत
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। उत्तर प्रदेश से चक्रधरपुर आई महिला सुपरवाइजर अनीता बिंद की उनके ही किराये के मकान में धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मृतका मूल रूप से यूपी के मिर्जापुर की रहने वाली थी और सोनुआ प्रखंड के महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में सुपरवाइजर के पद पर तैनात थी। वह करीब 15 दिन पहले ही चक्रधरपुर के शीतला मंदिर इलाके में किराये के मकान में शिफ्ट हुई थी।
कमरे में पहुंचा संदिग्ध युवक, मकान मालिक की सतर्कता से पकड़ा गया गुरुवार को वारदात का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक संजय कुमार साव ने एक संदिग्ध युवक को अनीता के कमरे में जाते देखा। शक होने पर उन्होंने कमरे के बाहर ही युवक को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में युवक ने खुद को अनीता का प्रेमी और मिर्जापुर निवासी अनिल कुमार बिंद बताया। जब मकान मालिक ने कमरे के भीतर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए—अनीता फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी और उस पर तेजधार हथियार से वार किए गए थे।
मकान मालिक की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। चक्रधरपुर के एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पकड़ा गया आरोपी अनिल कुमार बिंद भी मिर्जापुर का ही निवासी है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग या कुछ और? जांच में जुटी चक्रधरपुर पुलिस सोनुआ के बीडीओ सोमनाथ उरांव ने बताया कि अनीता ने इसी साल मई में जॉइनिंग ली थी और इस दुखद घटना से पूरा प्रशासनिक अमला स्तब्ध है। पुलिस शुरुआती जांच में मामले को प्रेम-प्रसंग और आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह, आरोपी के कमरे तक पहुंचने की टाइमलाइन और पूरे वारदातक्रम का खुलासा पुलिसिया जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।















