राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले इंदौर में हंगामा, पुलिस-अयोजकों में मंच पर बहस

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। वे कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर छात्रों और युवाओं से शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम क्षेत्रीय पार्क के सामने स्थित आईडीए मैदान में आयोजित किया गया है।

राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले ही वहां पुलिस और आयोजकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। छात्रों और युवाओं की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर पुलिस और आयोजकों के बीच बहस हुई। इसी दौरान डीसीपी नरेंद्र रावत मंच पर पहुंचे। बताया गया कि मंच पर कार्यक्रम का संचालन कर रहे व्यक्ति से उनकी तीखी बहस हुई। इसके बाद आयोजकों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया। बहस के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी मंच पर पहुंचे।

जांच के बाद मिल रही एंट्री

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है। पानी की बोतल, लाइटर, सिगरेट और गुटखा समेत कुछ सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के पहुंचने की वजह से पुलिस और आयोजकों की ओर से भीड़ नियंत्रण तथा प्रवेश-निकास को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस ने कार्यक्रम के लिए कई सुरक्षा शर्तें भी लागू की हैं।

खरगोन से पहुंचे नर्सिंग छात्र

खरगोन से भी बड़ी संख्या में छात्र इंदौर पहुंचे हैं। ये छात्र नर्सिंग कॉलेज से जुड़ी अपनी समस्याएं राहुल गांधी के सामने रखने की तैयारी में हैं।

छात्रों का कहना है कि पांच से छह साल बीत जाने के बावजूद उनकी परीक्षाएं नहीं हो रही हैं। उनका दावा है कि इस मुद्दे को लेकर वे कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। छात्रों के मुताबिक, वे राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखकर समाधान की मांग करेंगे।

दोपहर से जुटने लगी युवाओं की भीड़

कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 12 बजे के बाद से ही छात्रों और युवाओं की भीड़ जुटने लगी। आसपास के रास्तों पर भी बड़ी संख्या में युवा नजर आए। कांग्रेस की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं से शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर संवाद करना है।

ट्रैफिक में फंसा राहुल गांधी का काफिला

इंदौर पहुंचने के बाद राहुल गांधी का काफिला चंद्रगुप्त चौराहे के पास ट्रैफिक में फंस गया। बताया गया कि वे करीब 10 मिनट तक ट्रैफिक में रुके रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ भी उनकी कार के आसपास पहुंच गई।

एयरपोर्ट से होटल तक राहुल गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से कई जगह तैयारियां की गई थीं। एमआर-10 चौराहे पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि, राहुल गांधी के इन स्वागत मंचों पर रुकने की योजना नहीं थी।

‘छात्रों की गूंज’ के बीच ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले इंदौर के कई इलाकों में ‘झूठ की गूंज’ लिखे पोस्टर और होर्डिंग भी लगाए गए। इनमें राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उनके खिलाफ संदेश लिखे गए हैं। भंवरकुआं सहित शहर के कई हिस्सों में ऐसे पोस्टर लगाए जाने की रिपोर्ट सामने आई है।

पोस्टरों को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इन पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी के कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है। वहीं भाजपा की ओर से कहा गया कि यह छात्रों की प्रतिक्रिया है और पोस्टर उनके विरोध को दर्शाते हैं। पोस्टर किसने लगाए, इस संबंध में प्रशासन की ओर से तत्काल कोई स्पष्ट आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।

राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha