बिहार शरीफ में भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी पर बढ़ा खतरा! बेकाबू भीड़ ने गाड़ी पर किया पथराव, बाल-बाल बचीं अभिनेत्री

भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल राघवानी इन दिनों अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में बिहार के बिहार शरीफ में उनके एक कार्यक्रम के दौरान भारी बवाल हो गया. काजल राघवानी वहां एक नए ज्वेलरी शोरूम का उद्घाटन करने पहुंची थीं. जैसे ही स्थानीय लोगों को अभिनेत्री के आने की खबर मिली, उनके दीदार के लिए फैंस की भारी भीड़ शोरूम के बाहर उमड़ पड़ी. देखते ही देखते स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि लोग काजल की फॉर्च्यूनर गाड़ी के पीछे दौड़ने लगे और इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे चकनाचूर हो गए.

सुरक्षाकर्मियों ने बेसमेंट के रास्ते सुरक्षित निकाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द राहत की बात यह रही कि जिस समय गाड़ी पर पत्थरों से हमला हुआ, उस वक्त काजल राघवानी वाहन के अंदर मौजूद नहीं थीं. स्थिति की गंभीरता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाकर्मियों व स्थानीय पुलिस ने त्वरित कदम उठाया. अभिनेत्री को तुरंत शोरूम के बेसमेंट में ले जाया गया और वहां से बेहद सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया. शोरूम उद्घाटन के साथ-साथ एक बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था, लेकिन बिगड़ते माहौल और सुरक्षा कारणों के चलते आयोजकों को इस कार्यक्रम को तुरंत स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा.

पुलिस का बयान: बिना लाइसेंस आयोजित हुआ था कार्यक्रम घटना के संदर्भ में लहेरी थाना के प्रभारी रणजीत रजक ने जानकारी दी कि आयोजकों ने पुलिस को केवल निमंत्रण कार्ड भेजा था, लेकिन इतने बड़े आयोजन के लिए कोई आधिकारिक अनुमति या लाइसेंस प्राप्त नहीं किया गया था. पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है और भीड़ जुटाने वाले पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. दूसरी ओर, शोरूम संचालक ने किसी भी प्रकार की भगदड़ से इनकार किया है.

काजल राघवानी ने सोशल मीडिया पर दिया हेल्थ अपडेट गाड़ी पर पथराव की खबर फैलते ही काजल राघवानी के फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हो गए थे. फैंस की परेशानी को देखते हुए अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी कुशलता की जानकारी दी. काजल ने कहा, “हमारे पास फैंस और शुभचिंतकों के लगातार कॉल आ रहे हैं. मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि मैं और मेरी पूरी टीम पूरी तरह सुरक्षित है और किसी को कोई चोट नहीं आई है, इसलिए आप लोग बिल्कुल परेशान न हों.”

‘राइज एंड फॉल 2’ में तेज प्रताप यादव संग नजर आएंगी काजल वर्कफ्रंट की बात करें तो काजल राघवानी जल्द ही चर्चित रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में मुख्य प्रतिभागी के रूप में नजर आने वाली हैं. ‘भोजपुरी बवाल’ की बड़ी सफलता के बाद यह उनका दूसरा बड़ा रियलिटी प्रोजेक्ट होगा. चर्चा है कि इस शो में वह राजनेता तेज प्रताप यादव के साथ जोड़ी बनाकर एंट्री लेंगी. इससे पहले भी दोनों को ‘भोजपुरी बवाल’ में एक साथ देखा जा चुका है.

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha