ईरान पर फिर हमले के संकेत? तय समय से पहले व्हाइट हाउस पहुंचे ट्रंप, ब्रिटेन से निकले बॉम्बर

पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी महासंग्राम थमने का नाम नहीं ले रहा है और हालात तेजी से बेकाबू होते जा रहे हैं. ईरान ने अमेरिका के साथ शांति वार्ता और युद्धविराम के लिए मध्यस्थ देश कतर के जरिए 7 प्रमुख शर्तें भेजी हैं. इसके साथ ही तेहरान ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि उसकी मांगें स्वीकार नहीं की गईं, तो वह अमेरिका के साथ ‘निर्णायक युद्ध’ (Decisive War) लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है. इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कैंप डेविड का अपना सप्ताहांत दौरा अचानक बीच में ही छोड़कर शनिवार देर रात व्हाइट हाउस लौट आए हैं, जिससे क्षेत्र में किसी बड़े अमेरिकी सैन्य एक्शन की सुगबुगाहट तेज हो गई है.

कतर के जरिए वाशिंगटन भेजीं शर्तें, रेजाई बोले- ‘धमकियों से नहीं डरेंगे’ ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रेजाई ने एक बयान में पुष्टि की कि ईरान कतर के लगातार संपर्क में है और कतर के माध्यम से ही तेहरान की शर्तें वाशिंगटन तक पहुंचाई गई हैं. रेजाई ने प्रमुख शर्तों का खुलासा करते हुए कहा कि इसमें सभी मोर्चों पर तत्काल युद्धविराम, विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बैंकों में ईरान के फ्रीज (जब्त) किए गए अरबों डॉलर के फंड को जारी करना और अमेरिकी नौसेना द्वारा जारी आर्थिक नाकाबंदी को तुरंत समाप्त करना शामिल है. रेजाई ने जोर देकर कहा कि ट्रंप की धमकियां काम नहीं करेंगी और शर्तों को मानना खुद वाशिंगटन के हित में है.

अमेरिका ने 9 देशों में जारी किया ‘हाई सिक्योरिटी अलर्ट’, बी-बॉम्बर रवाना ईरान के इस आक्रामक रुख के बाद अमेरिका ने मिडिल ईस्ट स्थित अपने सभी राजनयिक मिशनों को हाई अलर्ट पर रख दिया है. अमेरिका ने अपने नागरिकों को इराक, बहरीन, ओमान, सऊदी अरब, ईरान, कतर, लेबनान, कुवैत और जॉर्डन में विशेष सावधानी बरतने और यात्रा से बचने की सख्त हिदायत दी है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोही नागरिक हवाई अड्डों और वैश्विक अमेरिकी प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकते हैं. इस बीच खबर है कि स्थिति से निपटने के लिए ब्रिटेन के एयरबेस से अमेरिकी बमवर्षक विमान (B-Bomber) पश्चिम एशिया के लिए उड़ान भर चुका है, जबकि उत्तर-पूर्वी सीरिया के अल-हसाका में एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है.

सऊदी-हूती टकराव और क्राउन प्रिंस की कड़ी चेतावनी तनाव उस वक्त और बढ़ गया जब यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने की कोशिश की, जिसे सऊदी एयर डिफेंस ने हवा में ही तबाह कर दिया. इस हमले के बाद सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) ने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “अगर हमें यमन के मासूम और निर्दोष नागरिकों की चिंता न होती, तो हम महज एक हफ्ते के भीतर यमन पर पूर्ण नियंत्रण कर हूतियों का नामोनिशान मिटा चुके होते.” न्यूयॉर्क में होने जा रही संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की बैठक से ठीक पहले घट रही इन घटनाओं ने पूरी दुनिया को संभावित महायुद्ध के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है.

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha