जमुई में नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, NCW ने DGP से मांगी 7 दिन में रिपोर्ट

जमुई। बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की और उसके साथी को कथित तौर पर रास्ते में रोककर छेड़छाड़, मारपीट और उत्पीड़न किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने DGP से मामले में FIR दर्ज करने, वायरल वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने तय समय-सीमा में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को भी कहा है।

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा?

NCW के मुताबिक, मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो में कुछ लोगों द्वारा रात के समय बाइक सवार युवक और नाबालिग लड़की को रोकने की बात सामने आई है। वीडियो में लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और उसके साथी के साथ मारपीट करते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में लड़की मौके पर मौजूद लोगों से उसे जाने देने की अपील करती नजर आती है। वह हाथ जोड़कर कहती सुनाई देती है कि वे बच्चे हैं और उन्हें जाने दिया जाए। वीडियो में घटनास्थल पर कई अन्य लोग भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं।

NCW ने 7 दिन में मांगी कार्रवाई रिपोर्ट

राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार DGP को भेजे पत्र में पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जरूरी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक वीडियो की आगे की शेयरिंग रोकने के लिए भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।

NCW ने पूरे मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सात दिनों के भीतर मांगी है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और निजता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस के संज्ञान में वीडियो सोमवार सुबह आया। इसके बाद वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान की गई और उसका बयान दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान से पता चला कि घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे हुई थी। एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो में करीब छह से सात लोग दिखाई दे रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों की पहचान पुलिस ने कर ली है।

पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

राज्य महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

मामले में बिहार राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने सोमवार शाम तक मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि वह जमुई के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजेंगी और मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी लेंगी।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, पीड़िता के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha