Akhilesh Yadav News: ‘2027 में सपा की रिकॉर्ड जीत तय’, अखिलेश यादव का BJP और RSS पर करारा हमला; ओवैसी के प्रस्ताव पर दिया बड़ा बयान

Akhilesh Yadav Press Conference: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग आज प्रदेश को बांटने की राजनीति कर रहे हैं, वही कल देश को भी बांटना चाहेंगे और इसके पीछे आरएसएस का हाथ है।

महंगाई, बेरोजगारी और आउटसोर्सिंग के नाम पर ‘आरक्षण की लूट’ का आरोप

सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी सरकार के पास महंगाई और बेरोजगारी का कोई समाधान नहीं है। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और भ्रष्टाचार चरम पर पहुँच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर 20 से अधिक भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक कराए ताकि सरकारी नौकरियों में दिए जाने वाले आरक्षण को खत्म कर आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दिया जा सके।

अखिलेश ने दावा किया— “सरकारी नौकरी में आरक्षण और बजट से वेतन देना पड़ता है, जबकि आउटसोर्सिंग में कमीशनखोरी का खेल चलता है जिसमें बीजेपी से जुड़े लोग शामिल हैं।” उन्होंने कहा कि सपा ने 11 हजार पदों की कथित लूट पर ऑडिट रिपोर्ट जारी की थी, लेकिन सरकार ने एक भी पन्ने का जवाब नहीं दिया।

सपा सरकार बनने पर महिलाओं को मिलेंगे 40 हजार और स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये

अखिलेश यादव ने अपनी प्राथमिकताओं को दोहराते हुए कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर महिलाओं को प्रति वर्ष 40,000 रुपये और स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने गौ-सेवा को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में सरकार बनने पर गायों के रखरखाव और सेवा के लिए विशेष प्रशासनिक प्रबंध किए जाएंगे।

उन्होंने हाथरस कांड के पीड़ित परिवार को न्याय न मिलने और खजनी में पुलिस पिटाई से हुई मौत का जिक्र करते हुए सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने मांग की कि बीजेपी द्वारा किए जाने वाले नकारात्मक प्रचार पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून बनना चाहिए।

समाजवादी रथ से घबराए विरोधी, ओवैसी के साथ गठबंधन का प्रस्ताव ठुकराया

समाजवादी रथ के रंग को लेकर छिड़े विवाद पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि विरोधी नेताओं को रथ का लाल रंग नजर नहीं आ रहा है, उनका चश्मा खराब हो चुका है। अभी तो रथ सिर्फ डीजल भरवाने गया था, इतने में ही विरोधी दल घबरा गए। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के अधिकारियों को दूर रखे जाने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से लखनऊ में मिले बीएलओ की सूची जारी करने की मांग की।

एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा बीजेपी के खिलाफ एकजुट होने के आमंत्रण पर पूछे गए सवाल का सीधा जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने प्रस्ताव को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा का जो मौजूदा गठबंधन (कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक) है, वह उसी के साथ मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha