
- पुलिस विभाग में शासन ने किया बड़ा बदलाव, सीतापुर, अयोध्या समेत कई जगहों पर अधिकारियों की नई तैनाती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 18 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें पुलिस मुख्यालय, पीएसी, एसएसएफ, सीआईडी और क्षेत्रीय अभिसूचना जैसी इकाइयों में तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब इससे पहले प्रदेश में बड़े स्तर पर IAS अधिकारियों के तबादले भी किए गए थे। 21 सितंबर की रात जारी सूची में 34 IAS अधिकारियों का तबादला किया गया था, जिसमें 14 जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए थे।
सतीश कुमार को SSF की जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार, डॉ. सतीश कुमार को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ से संबद्धता से हटाकर सेनानायक, 01 वाहिनी एसएसएफ, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं संजीव सुमन की पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से संबद्धता समाप्त करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक, यूपीएसआईएफएस, लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है।
सीतापुर में समीर सौरभ की तैनाती
तबादले में समीर सौरभ को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। वह सीआईडी, लखनऊ में तैनात थे। अब उन्हें सीतापुर में पीएसी की 27वीं वाहिनी का सेनानायक बनाया गया है।
इसके अलावा आशुतोष द्विवेदी को भी नई जिम्मेदारी मिली है। वह अब तक पुलिस अधीक्षक, एपीटीसी, सीतापुर के पद पर तैनात थे। उन्हें पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना, अयोध्या के पद पर भेजा गया है।
कई पुलिस इकाइयों में बदले गए अधिकारी
शासन की ओर से किए गए इस फेरबदल में कई अधिकारियों को अलग-अलग पुलिस इकाइयों और पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। तबादला सूची में पीएसी, एसएसएफ, सीआईडी, ईओडब्ल्यू, एटीएस, यातायात निदेशालय और क्षेत्रीय अभिसूचना इकाइयों से जुड़े पद भी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर लगातार तबादले हुए हैं। 19 सितंबर को भी राज्य सरकार ने 35 IPS अधिकारियों का तबादला किया था। इसके बाद 21 सितंबर को 34 IAS अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया और अब 18 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्थानांतरित अधिकारियों को अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।












