
आईची-नागोया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे 20वें एशियाई खेलों में 24 सितंबर से पुरुष क्रिकेट इवेंट की शुरुआत हो रही है। टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान जापान का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा। एशियाई खेलों के इतिहास में क्रिकेट को चौथी बार जगह दी गई है, जहां कुल 10 देश गोल्ड मेडल हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। शेड्यूल जारी होने के बाद से ही दुनिया भर के क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज जंग देखने को मिलेगी? आधिकारिक फॉर्मेट के मुताबिक दोनों टीमों का आमना-सामना मुमकिन है, लेकिन यह केवल नॉकआउट और मेडल राउंड में ही संभव होगा।
10 टीमों के बीच छिड़ेगी मेडल की जंग
इस बार एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट इवेंट में कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं। आईसीसी (ICC) रैंकिंग और मजबूत स्थिति के आधार पर भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। वहीं अफगानिस्तान ने फुल मेंबर टीम होने के नाते मुख्य ड्रॉ में स्थान बनाया है। इनके अलावा एशियाई खेलों के क्वालिफायर मुकाबलों के जरिए नेपाल, ओमान, मलेशिया और हॉन्गकॉन्ग ने मुख्य ड्रॉ में अपनी जगह पक्की की है, जबकि जापान को मेजबान होने के नाते सीधी एंट्री दी गई है।
जानिए क्या है टूर्नामेंट का पूरा फॉर्मेट
प्रतियोगिता को दो मुख्य चरणों में विभाजित किया गया है। रैंकिंग में निचले पायदान पर मौजूद 6 टीमों (जापान, अफगानिस्तान, नेपाल, ओमान, मलेशिया और हॉन्गकॉन्ग) को 3-3 के दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। सिंगल राउंड-रॉबिन मैचों के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष 2-2 टीमें (कुल 4 टीमें) क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। क्वार्टर फाइनल में इन 4 टीमों की भिड़ंत पहले से मौजूद शीर्ष 4 टीमों—भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश से होगी। इसके बाद सेमीफाइनल और फिर फाइनल मैच खेला जाएगा।
भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत की क्या है संभावना?
ड्रॉ और शेड्यूल के मुताबिक भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ब्रैकेट में रखा गया है, जिसके कारण क्वार्टर फाइनल या शुरुआती स्टेज में इनकी टक्कर संभव नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच तभी होगा जब दोनों टीमें नॉकआउट स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ें। यदि भारत और पाकिस्तान अपने-अपने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले जीत लेते हैं, तो 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे। वहीं, अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल में हार जाती हैं, तो भी 3 अक्टूबर को ही ब्रॉन्ज मेडल (तीसरे स्थान) के लिए दोनों के बीच मुकाबला खेला जा सकता है।














