उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रावतपुरा खुर्द गांव में नशे की लत में अंधे हुए एक कलयुगी बेटे ने महज ₹60 के गांजे के लिए अपनी ही जन्मदात्री की बेरहमी से हत्या कर दी। मां का कत्ल करने के बाद बेखौफ आरोपी दो घंटे तक खून से लथपथ शव के पास ही बैठा रहा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
₹60 के लिए हुआ झगड़ा और कुल्हाड़ी से किए वार
मृतका की पहचान मूला देवी के रूप में हुई है। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, उनका छोटा बेटा मोहन सिंह यादव अत्यधिक नशे का आदी है। वह दिन-रात गांजा, नशे के इंजेक्शन और अन्य घातक ड्रग्स लेता रहता है। बुधवार सुबह से ही मोहन गांजा खरीदने के लिए अपनी मां से ₹60 मांग रहा था। जब मां ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी आपा खो बैठा और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गुस्से में आकर मोहन ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाई और मां पर ताबड़तोड़ 4 वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
लाश के पास बैठा रहा बेखौफ कातिल बेटा
वारदात के वक्त घर में मां-बेटे के अलावा कोई और मौजूद नहीं था। हैरत की बात यह रही कि मां की दर्दनाक हत्या करने के बाद भी आरोपी मोहन के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। वह वारदात के बाद भागने के बजाय करीब दो घंटे तक मां के शव के पास ही शांति से बैठा रहा। जब मृतका के देवर रामेश्वर यादव घर पहुंचे, तो खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद बड़े बेटे सोहन सिंह यादव और ग्रामीणों को घटना का पता चला, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, केस दर्ज
घटना की सूचना पर तत्काल पहुंची कुलपहाड़ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले में क्षेत्राधिकारी (CO) कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे सोहन सिंह यादव ने अपने भाई द्वारा मां की हत्या किए जाने की सूचना दी थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी मोहन सिंह यादव को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














