
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव स्थित खिरका मोहल्ले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद रात में पंडाल में सो रहे युवकों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पंडाल में अचानक करंट फैलने से 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और चीख-पुकार का माहौल है।
तड़के 5:30 बजे हुआ हादसा, नींद में ही काल के गाल में समाए युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिमा विसर्जन के बाद करीब 7 से 8 युवक रात में पंडाल के अंदर ही सो गए थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक पूरे पंडाल में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। जब तक सो रहे युवकों को कुछ समझ आता, तब तक करंट की चपेट में आने से चार युवकों की तड़प-तड़पकर जान चली गई।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान जैनू भांवरे (19 वर्ष), रवि झारिया (24 वर्ष), कृष्ण कुमार भांवरे (18 वर्ष) और वीरेंद्र भांवरे (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हुए प्रियांशु नाम के युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य दो घायलों का उपचार नैनपुर के स्थानीय अस्पताल में जारी है।
पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा
हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि पंडाल में करंट किस वजह से फैला और क्या इसके पीछे कोई लापरवाही थी।















