
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को प्रयागराज पहुंचेंगे। चिराग पासवान प्रयागराज के ऐतिहासिक परेड मैदान से उत्तर प्रदेश में पार्टी के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। शाम 4 बजे आयोजित ‘यूथ बोले तो’ (Youth Bole To) कार्यक्रम में वह युवाओं और नए वोटर (Gen Z) के साथ सीधे रूबरू होंगे और उनके सवालों का बेबाकी से जवाब देंगे। एनडीए गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद लोजपा (आर) ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर युवाओं को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ने का दावा ठोका है।
परेड मैदान में जुटेंगे 15 हजार से अधिक कार्यकर्ता, जर्मन टेंट में भव्य इंतजाम
इस विशाल जनसंवाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर समेत आसपास के जिलों से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की उम्मीद जताई गई है। कार्यक्रम का आगाज सुबह 11 बजे से ही हो जाएगा, जबकि चिराग पासवान शाम 4 बजे मंच संभालेंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए परेड मैदान में वॉटरप्रूफ जर्मन टेंट लगाए गए हैं। कार्यक्रम में पार्टी के यूपी प्रभारी व जमुई सांसद अरुण भारती, बिहार सरकार के मंत्री और पार्टी के कई प्रमुख विधायक भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
चुनाव आयोग पर चिराग का बयान: ‘आयोग को जनता के मन का संदेह दूर करना चाहिए’
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेदों की मीडिया रिपोर्टों पर चिराग पासवान ने अहम प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का हिस्सा होने के नाते उनका मकसद किसी संवैधानिक संस्था का आंख मूंदकर बचाव करना नहीं है। चिराग ने कहा कि वह विपक्षी नेताओं, खासकर राहुल गांधी के राजनीतिक बयानों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते, लेकिन लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे सर्वोपरि है। इसलिए चुनाव आयोग को सामने आकर जनता के मन में पैदा हुई सभी शंकाओं और भ्रम को मजबूती से दूर करना चाहिए।















