Delhi : कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, भड़के अरविंद केजरीवाल, बोले- गिरफ्तार करो

Delhi : दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार में मंत्री और PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर तिलक नगर में एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि, मंत्री की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अरविंद केजरीवाल ने AAP नेता की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो को रिपोस्ट करते हुए लिखा, “मंत्री को गिरफ्तार करो। मैं कल यहां जाऊंगा।” यह घटना रविवार (27 सितंबर) को उस समय हुई, जब PWD मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर इलाके में सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

बताया गया कि इस दौरान स्थानीय लोगों ने नई बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और सड़क को हाथ से तोड़कर दिखाया। इसी दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था। वायरल वीडियो में प्रवेश वर्मा युवक का मोबाइल नीचे करते और उसके बाद उसे थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद युवक और मंत्री के बीच बहस होती दिखाई देती है, जबकि सुरक्षा कर्मी दोनों के बीच आ जाते हैं।

AAP नेताओं ने प्रवेश वर्मा को घेरा

घटना का वीडियो सामने आने के बाद AAP नेताओं ने प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि घटना ने मंत्री के व्यवहार को सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि तिलक नगर में PWD विभाग की ओर से बनाई गई सड़क की गुणवत्ता को लेकर लगातार वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे थे।

सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, सड़क की गुणवत्ता देखने के लिए वह खुद मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक और लोगों ने हाथ से तारकोल की सड़क को तोड़कर उसकी गुणवत्ता दिखाई। उनका आरोप है कि इस दौरान वीडियो बना रहे युवक को प्रवेश वर्मा ने थप्पड़ मार दिया।

AAP की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने के बाद विवाद बढ़ा। पार्टी नेताओं ने घटना को लेकर मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तिलक नगर विधायक ने भी शेयर किया वीडियो

https://x.com/JarnailSinghAAP/status/2104141296764080187

तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह ने भी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि PWD मंत्री सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने और वीडियो रिकॉर्ड किए जाने के दौरान उन्होंने युवक के साथ मारपीट की।

जरनैल सिंह ने अपनी पोस्ट में कहा कि मंत्री सड़क का निरीक्षण करने आए थे, लेकिन कथित तौर पर सड़क की गुणवत्ता से जुड़े सवालों के बीच आपा खो बैठे और वीडियो रिकॉर्ड कर रहे उनके साथी के साथ दुर्व्यवहार किया।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। फिलहाल वायरल वीडियो और AAP नेताओं के आरोपों के आधार पर ही घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी हो रही है। मंत्री प्रवेश वर्मा की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने का इंतजार है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha