उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच बवाल: शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, ड्रोन से निगरानी

सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को लेकर भड़का विवाद

धार्मिक नगरी उज्जैन में आगामी ‘सिंहस्थ-2028’ की तैयारियों के तहत चलाए जा रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है, जिसकी जद में शाही मस्जिद का भी कुछ हिस्सा आ रहा था। मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाए जाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए मुस्लिम समाज के 100 से अधिक लोगों ने परिसर में घुसने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो स्थिति बिगड़ गई और आक्रोशित भीड़ की ओर से पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया गया।

आंसू गैस के गोले छोड़े, 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती पथराव के बाद अनियंत्रित हुई भीड़ को तितर-बितर करने और कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इलाके में स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए लगभग 2,000 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है।

महिलाओं ने किया चक्काजाम, क्राइम ब्रांच टीआई घायल कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं नाका नंबर-5 के पास सड़क पर बैठ गईं और मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया। महिला पुलिस बल की मदद से जब प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया जा रहा था, तभी क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी (टीआई) पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं को सुरक्षित हटाते समय चादर के कोने से उनके हाथ में कट लग गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।

हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई आज, आला अधिकारी मौके पर मौजूद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। आईजी राकेश गुप्ता, कमिश्नर आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भासेन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की कमान संभाली। उल्लेखनीय है कि शाही मस्जिद से जुड़े इस मामले पर सोमवार को ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई भी प्रस्तावित है। फिलहाल प्रशासन ने क्षेत्र में स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है और भारी सुरक्षा बल तैनात है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha