योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा: UPSSSC ने खेल और युवा कल्याण विभाग में 520 पदों पर निकाली भर्ती, PET-2025 के आधार पर होगा चयन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी के नए अवसर प्रदान करते हुए खेल एवं युवा कल्याण विभाग में कुल 520 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने इन पदों पर चयन के लिए दो अलग-अलग मुख्य परीक्षाओं के आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिए हैं। इसके तहत खेल निदेशालय में 108 पदों और युवा कल्याण विभाग में 412 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

खेल निदेशालय में 108 पदों के लिए 14 अक्टूबर से करें आवेदन

आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 22-परीक्षा/2026 के अनुसार, खेल निदेशालय में विभिन्न श्रेणी के कुल 108 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 4 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 11 नवंबर 2026 तय की गई है।

युवा कल्याण एवं व्यायाम प्रशिक्षक के 412 पदों पर 16 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया

विज्ञापन संख्या 23-परीक्षा/2026 के माध्यम से युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत कुल 412 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इनमें क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 368 पद तथा व्यायाम प्रशिक्षक के 44 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 है और आवेदन में किसी प्रकार के संशोधन की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

PET-2025 के स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए होंगे शॉर्टलिस्ट

आयोग ने स्पष्ट किया है कि दोनों मुख्य परीक्षाओं में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने अनिवार्य शैक्षणिक अर्हता पूरी करने के साथ प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 (PET-2025) दी हो और उनके पास वैध स्कोर कार्ड उपलब्ध हो। अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होगी। पीईटी में शून्य या नकारात्मक (Negative) अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।

UI और प्रोविजनल श्रेणी के अभ्यर्थियों को मिली औपबंधिक अनुमति

जिन अभ्यर्थियों के PET-2025 परिणाम में ‘अंडर इन्वेस्टिगेशन’ (UI) या ‘प्रोविजनल’ लिखा है, उन्हें भी आवेदन करने की प्रोविजनल अनुमति दी गई है। हालांकि, उनकी शॉर्टलिस्टिंग और अंतिम चयन आयोग द्वारा चल रही जांच के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि तय समय के बाद शुल्क समायोजन या आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha