पंजाब के अमृतसर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मशहूर पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू (असली नाम मधुसूदन) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार शाम हुए इस हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के कुछ ही घंटों बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और जगतार तरनतारन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली है।
‘युवाओं को कर रहा था खराब’: गैंगस्टर की वायरल पोस्ट में खुलेआम धमकी
गोल्डी ढिल्लों और जग्या तरनतारन के नाम से वायरल हुई एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए खुलेआम चेतावनी दी गई है। पोस्ट में लिखा गया, “रंजीत एवेन्यू में जो मैड संधू की हत्या हुई है, उसकी मैं और जग्या तरनतारन जिम्मेदारी लेते हैं। यह हमारी नई जनरेशन को खराब कर रहा था। जो भी इसका फेवर कर रहा है, वो भी तैयार रहे। जो इन्हें स्कूलों में चीफ गेस्ट बुला रहे हैं, उनके लिए यह आखिरी वॉर्निंग है। इस तरह की हरकत करने वाले पंजाब से बाहर ही रहें।”
कार वॉश स्टेशन के पास बेहद नजदीक से मारी गोलियां
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम मैड संधू रंजीत एवेन्यू इलाके में एक दुकान पर अपनी कार लेने पहुंचे थे, जहां उन्होंने गाड़ी धुलने के लिए दी थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब दो से तीन राउंड फायरिंग की गई। सोशल मीडिया पर सामने आए कथित वीडियो में संधू लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े दिखे, जिन्हें स्थानीय लोग उठाने की कोशिश कर रहे थे।
लैंगिक मुद्दों पर करते थे बात, निहंग सिख ने भी जताई थी आपत्ति
इंस्टाग्राम पर 2.26 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले मैड संधू डिजिटल मंचों और पॉडकास्ट में मेकअप आर्ट और लैंगिक मुद्दों पर बेबाकी से बात करते थे। उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘ओए भोले ओए’ में अभिनय भी किया था। हालांकि, अपने अनोखे फैशन और कंटेंट को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता था। कुछ महीने पहले एक निहंग सिख ने भी उनके पहनावे और वीडियो पर आपत्ति जताते हुए युवाओं पर गलत असर पड़ने का दावा किया था।
अमृतसर पुलिस जांच में जुटी, कानून-व्यवस्था पर गरमाई राजनीति
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई कोणों से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें घटना से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, इस हत्याकांड के बाद पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने घटना का हवाला देते हुए राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर बिगड़ी कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा प्रहार किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की। अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि मैड संधू को लंबे समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसका जिक्र उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर भी किया था, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं किए गए।
















