उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से दहेज उत्पीड़न और हत्या की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। नरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिलखना में निकाह के महज चार महीने बाद 10 लाख रुपये के दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल वालों ने विवाहिता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति और उसके परिजन मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दूसरी शादी थी दोनों की, 2 जून को हुआ था निकाह
जानकारी के मुताबिक, मेरठ के लिसाड़ी गेट (मोहल्ला फिरोज नगर) की रहने वाली खुशबू का निकाह 2 जून 2026 को नरोरा के ग्राम पिलखना निवासी फईमुद्दीन पुत्र नाटी खां के साथ हुआ था। दोनों का ही यह दूसरा निकाह था। मृतका के भाई सद्दाम आलम का आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल वाले खुशबू को दिए गए दान-दहेज से नाखुश थे और लगातार 10 लाख रुपये अतिरिक्त नकद दहेज की मांग कर रहे थे।
शुक्रवार देर शाम हुआ विवाद, बेरहमी से ले ली जान
परिजनों का आरोप है कि 10 लाख रुपये न मिलने के कारण खुशबू को अक्सर प्रताड़ित और मारपीट का शिकार बनाया जाता था। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने पहले एक ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी। शुक्रवार देर शाम इसी बात को लेकर फईमुद्दीन और खुशबू के बीच एक बार फिर विवाद हुआ। गुस्से में आकर फईमुद्दीन ने अपनी पत्नी की इतने बेरहम तरीके से पिटाई की कि उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पड़ोसियों ने तुरंत मामले की जानकारी खुशबू के मायके वालों और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में खुशबू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पति, सास-ससुर और ग्राम प्रधान समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज
थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई सद्दाम आलम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों में:
-
पति: फईमुद्दीन
-
सास व ससुर: हारुन बेगम और नाटी खां उर्फ नाटिया
-
जेठ व जेठानी: सलीमुद्दीन, नईमुद्दीन, शायबा और शबनम
-
ननद व ननदोई: शाहरून और उसका पति
-
ग्राम प्रधान: पिलखना के प्रधान गुरमीत
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीम
थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का खुलासा होगा। वारदात के बाद से ही आरोपी पति फईमुद्दीन, उसके माता-पिता और पूरा परिवार घर में ताला लगाकर फरार है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।















