दिल्ली : भजनपुरा रंगदारी मामले में पुलिस एनकाउंटर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शार्प शूटर पैर में गोली लगने से गिरफ्तार

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने भजनपुरा इलाके में एक कारोबारी के घर के बाहर रंगदारी के लिए फायरिंग करने वाले दो सनसनीखेज आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ उस्मानपुर यमुना खादर क्षेत्र में हुई। पकड़े गए बदमाशों की पहचान मोहम्मद कैफ और जसीम के रूप में हुई है, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई और राशिद केबल वाला गैंग का खतरनाक शार्प शूटर बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को बदमाशों ने भजनपुरा स्थित कारोबारी के मकान के बाहर फिल्मी अंदाज में तमंचा लहराते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिसका मकसद कारोबारी से मोटी रंगदारी वसूलना था।

घेराबंदी होते ही बदमाशों ने पुलिस पर चलाई गोलियां पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर रात स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि 2 अक्टूबर की वारदात में शामिल दोनों शूटर उस्मानपुर खादर इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने बचने के लिए सीधे पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियां स्पेशल स्टाफ में तैनात सब-इंस्पेक्टर (SI) कौशिक घोष यादव और हेड कॉन्स्टेबल आमिर की बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगीं, जिससे दोनों पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

जवाबी कार्रवाई में हाफ एनकाउंटर, अस्पताल में भर्ती पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से की गई सटीक फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही ढेर होकर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया। मुठभेड़ के बाद दोनों घायल शूटरों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीन पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने तीन अवैध पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। शुरुआती जांच में पुष्टि हुई है कि 2 अक्टूबर को भजनपुरा में कारोबारी के घर पर दहशत फैलाने और रंगदारी मांगने के लिए इसी बाइक का इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल पुलिस गैंग के अन्य नेटवर्क और रंगदारी के इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha