
जयपुर। राजधानी के पॉश इलाके बजाज नगर में स्थित राडो घड़ी के लग्जरी शोरूम ‘द वॉच फैक्ट्री’ में हुई 5 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस के हाथ बेहद अहम सुराग लगे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ लुटेरे सिंधी कैंप बस स्टैंड पहुंचे और वहां से हरियाणा रोडवेज की बस में सवार होकर रफूचक्कर हो गए, जबकि गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों के ट्रेन के जरिए राज्य से बाहर भागने की आशंका जताई जा रही है। स्पेशल टीमें अब हरियाणा, दिल्ली, गाजियाबाद और नेपाल सीमा तक बदमाशों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।
CCTV में लंगड़ाता दिखा आरोपी, 36 मिनट में साफ कर दिया पूरा शोरूम जयपुर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज मिली है। इस फुटेज में गिरोह का एक भारी-भरकम बदमाश गंभीर रूप से घायल और लंगड़ाते हुए भागता नजर आ रहा है, जिसे उसके दो अन्य साथी कंधे का सहारा देकर ले जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि तड़के 5 से 7 बजे के बीच शोरूम का शटर तोड़कर अंदर घुसने या भागने के दौरान वह बुरी तरह चोटिल हो गया था। बदमाशों ने महज 36 मिनट के भीतर करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की 251 कीमती घड़ियों पर हाथ साफ कर दिया।
बाहर खड़े होकर रेकी कर रहे थे 3 शातिर, नेपाल सीमा पर पुलिस अलर्ट जांच में खुलासा हुआ है कि इस वारदात की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची गई थी। जिस वक्त बदमाश अंदर चोरी कर रहे थे, उस दौरान गिरोह के तीन शातिर सदस्य बाहर सड़क पर खड़े होकर हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए थे। पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला है कि चोरी की गई इन अति-कीमती घड़ियों को नेपाल के ग्रे मार्केट में खपाने की तैयारी है। इसी आशंका के आधार पर राजस्थान पुलिस की एक विशेष टीम को तुरंत नेपाल रवाना किया गया है, वहीं दिल्ली और गाजियाबाद में भी सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
120 जवानों का दस्ता मैदान में, 1100 से अधिक फुटेज खंगाली गईं डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, केस का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए सीएसटी, ईस्ट डीएसटी और विभिन्न थानों के 120 पुलिसकर्मियों का एक विशेष दस्ता गठित किया गया है। इनमें से करीब 30 पुलिसकर्मियों की टीम शहरभर के 1100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर चुकी है। इसके अलावा 10 से अधिक साइबर और तकनीकी विशेषज्ञ बदमाशों की लोकेशन ट्रैक करने में जुटे हैं। अब तक इस अंतरराज्यीय गिरोह के 6 मुख्य बदमाशों की पहचान की जा चुकी है और पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।

















